हरनी महादेव में गूंजा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, श्रद्धा, संस्कृति और जनकल्याण का संगम बना आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
हरनी महादेव में गूंजा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, श्रद्धा, संस्कृति और जनकल्याण का संगम बना आयोजन


हरनी महादेव में गूंजा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, श्रद्धा, संस्कृति और जनकल्याण का संगम बना आयोजन


भीलवाड़ा, 11 मई (हि.स.)। श्री हरनी महादेव मंदिर में सोमवार को आयोजित “सोमनाथ विरासत के 75 साल” कार्यक्रम श्रद्धा, संस्कृति और जनजागरूकता का अनूठा संगम बनकर सामने आया। श्री हरनी महादेव मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आमजन ने भाग लिया। मंदिर परिसर पूरे दिन “हर-हर महादेव” और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। धार्मिक उल्लास के साथ-साथ लोगों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर मंदिर में विशेष श्रृंगार दर्शन, कलश यात्रा, रुद्राभिषेक और सोमनाथ मंदिर से जुड़ी गौरवगाथाओं का वाचन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर देश और समाज की खुशहाली की कामना की। कलश यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई गई। आयोजकों ने बताया कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी सोच के तहत धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को जनजागरूकता का माध्यम बनाया जा रहा है। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी श्रद्धालुओं को सरल भाषा में दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से जब जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाती है तो आमजन तक संदेश तेजी से पहुंचता है। लोगों ने राज्य सरकार की जनहितकारी सोच और विकासोन्मुख प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं समाज को जोड़ने का काम करती हैं। उन्होंने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे भारतीय स्वाभिमान का प्रतीक बताया।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी अरुण जैन, जिला रसद अधिकारी अमरेंद्र मिश्रा, पूर्व यूआईटी चेयरमैन लक्ष्मीनारायण डाड, राजेंद्र कचोलिया, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी जग जितेंद्र सिंह, ट्रस्ट अध्यक्ष नंदकिशोर दरक, सचिव ओमप्रकाश दरक, ट्रस्टी सुभाष बाहेती सहित कई गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

Share this story