सोमनाथ स्वाभिमान पर्व : धौलपुर में रुद्राभिषेक एवं महाआरती का आयोजन
धौलपुर, 11 मई (हि.स.)। गुजरात के सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार सोमवार को देशभर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का आयोजन श्रद्धा एवं गौरव के साथ किया गया। इसी क्रम में धौलपुर में जिला प्रशासन एवं देवस्थान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्राचीन शिव बगिया मंदिर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।
अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का अभिषेक एवं महाआरती की तथा जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और राष्ट्रीय अस्मिता के पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास हमें यह संदेश देता है कि हमारी आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों को कोई भी शक्ति समाप्त नहीं कर सकती। यह पर्व देशवासियों में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और जुड़ाव को और अधिक मजबूत करता है। भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने कहा कि देश में आस्था एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का वातावरण है। इसी क्रम में आज मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम सोमनाथ गुजरात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में शिखर कार्यक्रम आयोजित किया गया है।जिसका राज्य के सभी प्रमुख शिवालयों में ऑनलाइन लाइव प्रसारण किया गया है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शिवचरण सिंह कुशवाहा ने कहा कि देश एवं प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओंं एवं विकास कार्याें के माध्यम से खुशहाली आ रही है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में आस्था एवं गौरव के साथ सनातन संस्कृति भी और समृद्व हो रही है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास एवं भारतीय संस्कृति की अखंड परंपरा को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण का संकल्प भी लिया। आयोजन में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद एएन सोमनाथ, प्राचीन लाडली जगमोहन मंदिर के महंत कृष्णदास महाराज, गंगाबाई की बगीची के मंहत हनुमान दास महाराज,सीएमए के निदेशक शोभित पांडे,भाजपा जिला मंत्री विजय त्यागी,बचाराम बघेल,विनय परमार एवं समाजसेवी संजय अग्रोहा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

