राजस्थान में सौर ऊर्जा और बैटरी स्टोरेज की संभावनाओं पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में सौर ऊर्जा और बैटरी स्टोरेज की संभावनाओं पर मंथन


जयपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में सौर ऊर्जा और बैटरी एनर्जी स्टोरेज के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा के साथ ग्लोबल सोलर एक्सपो एंड सूर्यकॉन राजस्थान 2026 के दूसरे दिन रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र के विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों और तकनीकी कंपनियों ने भाग लिया। ईक्यूमैगप्रो की ओर से जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित दो दिवसीय आयोजन में राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम लिमिटेड (आरआरईसीएल) के सीएमडी डॉ. रोहित गुप्ता, आईएएस ने शिरकत की।

एक्सपो में सोलर ऊर्जा और एनर्जी स्टोरेज से जुड़े 100 से अधिक ब्रांड्स ने अपनी तकनीकों और समाधानों का प्रदर्शन किया। आयोजन में 5 हजार से अधिक विजिटर्स पहुंचे। प्रदर्शनी में सोलर पीवी मॉड्यूल, इनवर्टर, बैटरी, माउंटिंग स्ट्रक्चर, एनर्जी मैनेजमेंट सिस्टम सहित विभिन्न सोलर और स्टोरेज तकनीकें प्रदर्शित की गईं।

आरआरईसीएल के सीएमडी डॉ. रोहित गुप्ता ने राजस्थान में अक्षय ऊर्जा के विकास के लिए सरकार और उद्योग के बीच सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अक्षय ऊर्जा की व्यापक संभावनाएं हैं और इन्हें आगे बढ़ाने के लिए नीति निर्माता, डेवलपर्स, तकनीकी कंपनियां और अन्य हितधारक मिलकर काम करें। ऐसे आयोजन नई तकनीकों को समझने और व्यावहारिक समाधानों पर चर्चा का अवसर देते हैं।

दूसरे दिन सोलर ऊर्जा, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस), रूफटॉप सोलर, ओपन एक्सेस, कैप्टिव एवं ग्रुप कैप्टिव मॉडल, कमर्शियल-इंडस्ट्रियल सोलर, प्रोजेक्ट फाइनेंसिंग और ग्रिड इंटीग्रेशन जैसे विषयों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने रिन्यूएबल एनर्जी के साथ ऊर्जा भंडारण की बढ़ती भूमिका पर विचार रखे।

आईएनए सोलर के सीईओ मनीष गुप्ता ने कहा कि सोलर क्षेत्र का विस्तार तकनीक, दक्षता और किफायती ऊर्जा समाधानों के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है। वहीं, सूर्यकॉन राजस्थान कॉन्फ्रेंस में रूफटॉप व यूटिलिटी स्केल सोलर, ओपन एक्सेस, कैप्टिव मॉडल, बैटरी स्टोरेज की अर्थव्यवस्था, ऊर्जा खरीद, प्रोजेक्ट फाइनेंसिंग और रिन्यूएबल एनर्जी सप्लाई चेन पर मंथन हुआ।

ईक्यू ग्लोबल सोलर एक्सपो जयपुर के फाउंडर एवं होस्ट आनंद गुप्ता ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य सरकार, उद्योग, तकनीकी कंपनियों, डेवलपर्स, निवेशकों और ऊर्जा उपभोक्ताओं को एक मंच पर लाना है। दो दिवसीय आयोजन में बिजनेस नेटवर्किंग, तकनीकी साझेदारी, परियोजना विकास, निवेश और बाजार विस्तार को लेकर संवाद हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story