सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक बुधवार काे हटाएं जाएंगे अतिक्रमण
जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक न्यू सांगानेर रोड से जयपुर विकास प्राधिकरण
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बुधवार, 18 नवंबर को कर सकता है। राजस्थान हाईकोर्ट से मिले आदेशों के बाद जेडीए ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी। करीब ढाई किलोमीटर लंबाई की इस सड़क को 100 फीट चौड़ा किया जाएगा, जिस पर 70 से ज्यादा निर्माण प्रभावित हो रहे है।
सूत्रों के मुताबिक कल जो कार्रवाई प्रस्तावित है, वह विवेक विहार स्टेशन से पहले पिलर नंबर 84 से शुरू होकर पिलर नंबर 102 के बीच की जाएगी। मास्टर प्लान में इस रोड की चौड़ाई 100 फीट प्रस्तावित है, जबकि जगह-जगह स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण के कारण ये सड़क कई जगहों पर 80 फीट तक ही रह गई है।
आपको बता दें कि अक्टूबर में भी जेडीए ने गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार स्टेशन तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। लेकिन बाद में आमजन की तरफ से दर्ज करवाई आपत्ति के बाद आगे की कार्रवाई को रोक दिया था।
एक दिन पहले ही हाईकोर्ट ने इस प्रकरण में सुनवाई करने के बाद जेडीए को दो सप्ताह में अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे। अतिक्रमण हटाने के बाद दो सप्ताह में जेडीसी को कोर्ट में रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए है। इस मामले पर अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होनी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

