सामाजिक न्याय प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी और जिलाध्यक्षों की बैठक का आयोजन
जयपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवगठित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी और जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, जयपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम स्वामी ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली मौजूद रहे।
जूली ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों को कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में सक्रिय रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने पर जोर दिया। बैठक में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव (संगठन) ललित तूनवाल, वार रूम चेयरमैन एवं महासचिव जसवंत गुर्जर और प्रदेश महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी सहित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक के बाद भारत छोड़ो आंदोलन स्मृति दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से शहीद स्मारक तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला। शहीद स्मारक पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम स्वामी ने कहा कि नवगठित टीम सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। साथ ही सामाजिक रूप से वंचित वर्गों की आवाज को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

