रोबोटिक सर्जरी से कैंसर उपचार में एसएमएस ने बनाया नया कीर्तिमान

WhatsApp Channel Join Now
रोबोटिक सर्जरी से कैंसर उपचार में एसएमएस ने बनाया नया कीर्तिमान


जयपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। राजधानी के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार रोबोटिक असिस्टेड थोरैसिक सर्जरी के माध्यम से भोजन नली (इसोफेगस) के कैंसर से पीड़ित मरीज का सफल ऑपरेशन किया है। यह जटिल सर्जरी एसएमएस अस्पताल के सर्जरी विभाग की यूनिट-5 के वरिष्ठ सर्जन डॉ. राजेन्द्र बागड़ी और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक संपन्न की। यह राजस्थान में रोबोटिक तकनीक से इस प्रकार की पहली सफल सर्जरी मानी जा रही है।

अस्पताल के अनुसार मरीज की विस्तृत जांच में भोजन नली में लगभग 30 सेंटीमीटर की दूरी पर सात सेंटीमीटर लंबा कैंसरग्रस्त हिस्सा पाया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के बाद मरीज की रोबोटिक असिस्टेड इसोफेजेक्टॉमी विद इंट्राथोरैसिक इसोफेगोगैस्ट्रिक एनास्टोमोसिस की गई। पूरे उपचार का खर्च मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत वहन किया गया, जिससे मरीज को निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया।

वरिष्ठ सर्जन डॉ. राजेन्द्र बागड़ी ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान कैंसरग्रस्त भोजन नली को हटाने के बाद रोबोटिक तकनीक की सहायता से छाती के भीतर भोजन नली और पेट से तैयार की गई स्टमक ट्यूब को अत्यंत सटीकता के साथ जोड़ा गया। रोबोट की 360 डिग्री गतिशीलता, उच्च परिशुद्धता और सूक्ष्म नियंत्रण के कारण यह जटिल प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और तकनीकी रूप से बेहतर ढंग से पूरी की जा सकी। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की थोरैसिक सर्जरी के लिए रोबोटिक तकनीक अत्यंत प्रभावी मानी जाती है।

इस सफल ऑपरेशन में सर्जरी टीम के डॉ. रामबाबू, डॉ. बी.आर. बाराला, डॉ. रेनुका, डॉ. राहुल, डॉ. स्नेहिल, डॉ. अर्पित, डॉ. ऋषभ, डॉ. राजीव और डॉ. आरुषि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया प्रबंधन भी अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा। एनेस्थीसिया विभाग की वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. इंदु वर्मा और डॉ. सुनील चौहान ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी के दौरान मरीज को पूरी प्रक्रिया में स्थिर रखना, नियंत्रित एवं निरंतर सेडेशन बनाए रखना तथा शरीर की सभी महत्वपूर्ण जीवनरक्षक क्रियाओं की लगातार निगरानी करना बेहद जटिल कार्य होता है। इस जिम्मेदारी का सफल निर्वहन डॉ. सुशील भाटी, डॉ. इंदु वर्मा, डॉ. सुनील चौहान, डॉ. कंचन तथा रेजिडेंट चिकित्सकों की टीम ने किया।

इस उपलब्धि के साथ एसएमएस अस्पताल ने जटिल कैंसर सर्जरी में आधुनिक रोबोटिक तकनीक के सफल उपयोग का नया अध्याय जोड़ते हुए राजस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story