(अपडेट) गर्मी से मिली हल्की राहत, आंधी-बारिश से 2 से 6 डिग्री तक गिरा पारा

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) गर्मी से मिली हल्की राहत, आंधी-बारिश से 2 से 6 डिग्री तक गिरा पारा


जयपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने व बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभावी होने से दोपहर बाद आगामी 3-4 दिन मेघगर्जन के साथ आंधी (40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा) व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। मई के प्रथम सप्ताह में भी राज्य में कहीं-कहीं हीट वेव की परिस्थितियां दर्ज होने व दोपहर बाद मेघगर्जन, आंधी की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार को आए आंधी-बारिश से आमजन को भीषण गर्मी से थोडी राहत मिली है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में दो से 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे आमजन को हीटवेव से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को 22 शहरों का दिन का तापमान 40 और 18 शहरों का रात का पारा 25 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। फलौदी प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 44.2 और न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा जयपुर, कोटा, बाड़मेर, अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, सीकर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, जालोर, करौली, दौसा, झुंझुनूं, पाली सहित अन्य कई शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री के पार रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश भागों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 6 डिग्री सेल्सियस गिरावट होने से हीटवेव से राहत मिली है। एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने व बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभावी होने से दोपहर बाद आगामी 3-4 दिन मेघगर्जन के साथ आंधी व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। मई के प्रथम सप्ताह में भी राज्य में कहीं-कहीं हीट वेव की परिस्थितियां दर्ज होने व दोपहर बाद मेघगर्जन, आंधी की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। सोमवार को राज्य में कुछ जगहों पर उष्ण लहर और उष्ण रात्रि दर्ज होने के साथ ही कुछ जगहों पर मेघगर्जन और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की गई। राज्य में सोमवार को सर्वाधिक बारिश बानसूर (अलवर), कोटपुतली और चिड़ावा (झुंझुनू) प्रत्येक में 10.0 मिलीमीटर दर्ज की गई।

आंधी-बारिश के बाद मंगलवार को जयपुर के पारे में गिरावट दर्ज की गई। इससे आमजन को तेज गर्मी से थोडी राहत मिली है। जयपुर के दिन के तापमान में 2.6 और रात के तापमान में 3.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 40.9 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी समय में बदलते मौसम के बीच जयपुर के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिलेगा। मई माह में फिर से एक बार फिर पारे में उबाल देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story