छह पुलिसकर्मी कांस्टेबल ऑफ द मंथ अवॉर्ड से सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
छह पुलिसकर्मी कांस्टेबल ऑफ द मंथ अवॉर्ड से सम्मानित


जयपुर, 19 मार्च (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में गुरुवार को आयोजित समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह पुलिसकर्मियों को ‘कांस्टेबल ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने सभी सम्मानित कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस का ध्येय ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय’ स्थापित करना है, जिसके लिए जयपुर पुलिस निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इस तरह के सम्मान से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि फरवरी 2026 के लिए चयनित पुलिसकर्मियों में जिला पूर्व से सियाराम, कांस्टेबल थाना जवाहर नगर ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 82 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला पश्चिम से कांस्टेबल श्रीराम जांडू, तकनीकी शाखा ने ‘वज्र प्रहार 2.0’ अभियान के तहत तकनीकी सहायता से 201 मोबाइल फोन (करीब 38.50 लाख रुपये मूल्य) रिकवर कर उल्लेखनीय कार्य किया।

जिला उत्तर से कांस्टेबल महेश कुमार, थाना संजय सर्किल ने वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान में 7 स्थायी वारंटों का निस्तारण किया और ऑनलाइन परिवादों के समाधान में अहम योगदान दिया। जिला दक्षिण से कांस्टेबल पवन कुमार, थाना सांगानेर सदर ने 15 हजार रुपये के इनामी आरोपित को गिरफ्तार कर लंबे समय से लंबित वारंटों का निस्तारण किया। यातायात पश्चिम के कांस्टेबल प्रेम सिंह ने ड्यूटी के साथ-साथ लेन सिस्टम में 409 प्रभावी कार्रवाई कर अनुकरणीय कार्य किया। रिजर्व पुलिस लाइन के कांस्टेबल रामकिशोर ने कार्यालय परिसर के सौंदर्यकरण, पेंटिंग और चित्रकला में विशेष योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story