जयपुर पुलिस के छह कर्मियों को मिला कांस्टेबल ऑफ द मंथ अवॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर पुलिस के छह कर्मियों को मिला कांस्टेबल ऑफ द मंथ अवॉर्ड


जयपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर जयपुर कमिश्नरेट में मार्च 2026 माह के लिए उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले छह पुलिसकर्मियों को ‘कांस्टेबल ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने आयोजित समारोह में इन पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जयपुर पुलिस का उद्देश्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय की भावना स्थापित करना है। ऐसे पुरस्कारों से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि रामनगरिया थाना, जिला पूर्व के कांस्टेबल राहुल कुमार ने एक मामले में सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वांछित आरोपिताें को गिरफ्तार करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वहीं कार्यालय पुलिस उपायुक्त पश्चिम के कांस्टेबल सुनील कुमार ने अंतरराज्यीय गैंग के दो इनामी आरोपिताें को तकनीकी विश्लेषण के जरिए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार कराने में अहम योगदान दिया। इसके अलावा जालूपुरा थाना, जिला उत्तर के कांस्टेबल कमलेश कुमार ने रात्रि गश्त के दौरान गुम हुए 50-60 हजार रुपये से भरे पर्स को खोजकर संबंधित व्यक्ति को लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया, वहीं अशोक नगर थाना, जिला दक्षिण कांस्टेबल अनिल कुमार ने लंबे समय से लंबित 10 स्थायी वारंट और 5 गिरफ्तारी वारंट का सफल निष्पादन किया। साथ ही यातायात उत्तर के कांस्टेबल संदीप कुमार ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में कड़ी मेहनत और निष्ठा से कार्य किया और कार्यालय अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, आसूचना एवं सुरक्षा के कांस्टेबल राकेश कुमार शर्मा ने विभिन्न प्रमुख आयोजनों—जैसे त्योहारों और धार्मिक कार्यक्रमों—के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था की साप्ताहिक रिपोर्ट समय पर तैयार करने में उत्कृष्ट कार्य किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story