सीईटी परीक्षा में एक गलती पड़ सकती है भारी, 2 घंटे पहले पहुंचना जरूरी; मोबाइल-घड़ी और जींस पर रोक

WhatsApp Channel Join Now
सीईटी परीक्षा में एक गलती पड़ सकती है भारी, 2 घंटे पहले पहुंचना जरूरी; मोबाइल-घड़ी और जींस पर रोक


जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की समान पात्रता परीक्षा (सीईटी) सीनियर सेकेंडरी स्तर-2026 को लेकर अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है। बोर्ड ने संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से लेकर पहचान, पहनावे, ओएमआर शीट और नकल तक के नियमों को स्पष्ट कर दिया है। परीक्षा में छोटी-सी लापरवाही भी अभ्यर्थी को केंद्र के बाहर कर सकती है।

परीक्षा 1 से 3 दिसंबर तक तीन दिनों में दो पारियों में होगी। पहली पारी सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक चलेगी।

अभ्यर्थी 21 नवंबर से अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से परीक्षा केंद्र के लिए आवंटित जिले की जानकारी देख सकेंगे। वहीं, 26 नवंबर से अस्थायी ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। जांच और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षा केंद्र पर पहचान के लिए मूल फोटोयुक्त आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है। आधार कार्ड में जन्मतिथि दर्ज होना भी जरूरी है। विशेष परिस्थितियों में ही पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या मतदाता पहचान पत्र के आधार पर पहचान का मिलान किया जाएगा। अभ्यर्थियों को उपस्थिति पत्रक के लिए 2.5 गुणा 2.5 सेंटीमीटर आकार का नवीनतम रंगीन फोटो भी साथ रखना होगा। फोटो एक महीने से अधिक पुराना नहीं होना चाहिए और उसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ या रूप बदलने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा नीली स्याही वाला पारदर्शी बॉल पेन साथ लाना होगा।

परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन और घड़ी ले जाने पर रोक रहेगी। अभ्यर्थियों के पहनावे को लेकर भी बोर्ड ने निर्देश जारी किए हैं और जींस पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके पास प्रतिबंधित वस्तु न हो, ताकि जांच के दौरान परेशानी न हो।

नकल और अनुचित साधनों के इस्तेमाल को लेकर बोर्ड ने बेहद सख्त रुख अपनाया है।

नकल करते पकड़े जाने पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान बताया गया है। ऐसे में परीक्षा केंद्र पर किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि अभ्यर्थी के लिए भारी पड़ सकती है।

इस बार परीक्षा के बाद प्रश्न-पत्र बुकलेट अपने साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रश्न-पत्रों के दुरुपयोग और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं को रोकने के लिए बोर्ड ने यह व्यवस्था की है। हालांकि, अभ्यर्थी ओएमआर शीट की कार्बन प्रति अपने साथ ले जा सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपने प्रश्न-पत्र की श्रृंखला और प्रतीक संख्या याद रखनी होगी।

बोर्ड अंतिम परीक्षा समाप्त होने के 24 घंटे के भीतर सभी पारियों के प्रश्न-पत्रों के सेट अपनी वेबसाइट पर अपलोड करेगा। अभ्यर्थियों को ओएमआर की कार्बन प्रति परिणाम जारी होने तक सुरक्षित रखनी होगी और बोर्ड द्वारा मांगे जाने पर इसे प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

ओएमआर शीट में गोले उचित दबाव के साथ भरने होंगे, ताकि कार्बन प्रति पर भी निशान स्पष्ट रूप से अंकित हो सके।

दिव्यांग और विशेष योग्यजन अभ्यर्थियों के लिए श्रुतलेखक की सुविधा को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। खुद का श्रुतलेखक लाने वाले अभ्यर्थियों को उसकी शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र, अभ्यर्थी और श्रुतलेखक के वचन पत्र तथा दिव्यांगता का चिकित्सा प्रमाण पत्र परीक्षा केंद्र पर कम से कम एक दिन पहले प्रस्तुत करना होगा। वहीं, बोर्ड की ओर से श्रुतलेखक लेने के लिए केंद्राधीक्षक को परीक्षा से दो दिन पहले आवेदन करना होगा।

परीक्षा समाप्त होने के बाद बोर्ड मास्टर प्रश्न-पत्र और उत्तर कुंजी वेबसाइट पर जारी करेगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 72 घंटे का समय मिलेगा। प्रत्येक आपत्ति के लिए 100 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शुल्क जमा नहीं करने पर आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story