सिंधु दर्शन यात्रा के लिए 240 श्रद्धालु रवाना, साथ ले गए हल्दीघाटी की माटी

WhatsApp Channel Join Now
सिंधु दर्शन यात्रा के लिए 240 श्रद्धालु रवाना, साथ ले गए हल्दीघाटी की माटी


उदयपुर, 14 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय हिमालय परिवार संस्था की उदयपुर जिला इकाई द्वारा आयोजित 30वीं सिंधु दर्शन यात्रा में शामिल होने जा रहे 240 श्रद्धालुओं को शनिवार को हिरण मगरी स्थित साहित्य अकादमी सभागार में भव्य विदाई दी गई। यात्रा में महिला, युवा एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन रहे। वे लेह में यात्रा का नेतृत्व करेंगे। उदयपुर से जा रहे यात्री हल्दीघाटी की माटी साथ ले गए। वे हल्दीघाटी में महाराणा प्रताप की विजय का संदेश देशभर में पहुंचाएंगे।

प्रदेश महामंत्री एवं राजस्थान राज्य यात्रा प्रभारी अरविंद जारौली ने कहा कि जम्मू से लेह-लद्दाख तक की यह यात्रा केवल पर्यटन नहीं, बल्कि हिमालयी क्षेत्र की सांस्कृतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का अभियान है। उन्होंने बताया कि सिंधु नदी तट पर आयोजित होने वाला प्रथम सिंधु कुंभ भविष्य में ऐतिहासिक महत्व का आयोजन सिद्ध होगा। समारोह में सभी यात्रियों का तिलक एवं उपरणा पहनाकर सम्मान किया गया। साथ ही दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा को ध्यान में रखते हुए उपयोगी बैग भी भेंट किए गए।

मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद जैन ने हिमालय परिवार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु हिमालय संरक्षण और राष्ट्रीय एकता के संदेश से जुड़े महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा बन रहा है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी इस यात्रा में शामिल होकर लेह-लद्दाख जाएंगे तथा यात्रियों का नेतृत्व करेंगे।

संगठन महामंत्री डॉ. सुशील निंबार्क ने बताया कि इस बार उदयपुर के श्रद्धालु हल्दीघाटी की पवित्र मिट्टी के विशेष पाउच तैयार कर साथ ले जाएंगे, जिन्हें देशभर से आने वाले लगभग पांच हजार प्रतिभागियों को वितरित किया जाएगा। इससे महाराणा प्रताप और मेवाड़ की गौरवशाली विरासत का संदेश राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित होगा।

जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार माली ने यात्रियों को लेह-लद्दाख की जलवायु एवं मौसम संबंधी चुनौतियों की जानकारी देते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी। कार्यक्रम में शास्त्रीय गायिका कविता लोहार ने काव्य-गीत प्रस्तुत किए, जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष रमन कुमार सूद ने भी विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ साहित्यकार पंडित मनमोहन मधुकर एवं श्याम सुंदर भट्ट का हिमालय परिवार तथा राजस्थान साहित्य अकादमी की ओर से शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन विजय जैन ने किया तथा अंत में जिला संरक्षक दिनेश माली ने आभार व्यक्त किया। समारोह में कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story