सिल्वर वर्क की 30 हजार पन्नियां और 340 किलो काली मिर्च सीज

WhatsApp Channel Join Now
सिल्वर वर्क की 30 हजार पन्नियां और 340 किलो काली मिर्च सीज


जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा टीम जयपुर प्रथम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर चांदी के वर्क की 30 हजार पन्नियां और 340 किलोग्राम काली मिर्च सीज की। टीम ने काली मिर्च, पिस्ता कतरन, काजू, मिठाई, घी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की।

अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि खाद्य सुरक्षा टीम ने सीकर रोड स्थित कुकर खेड़ा मंडी में मोना एंड कंपनी का निरीक्षण किया। इस दौरान चांदी के वर्क की 30 हजार पन्नियां और 340 किलो काली मिर्च सीज की गई। यहां से काली मिर्च, पिस्ता कतरन और चांदी के वर्क के नमूने भी लिए गए।

इस अभियान के तहत विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से काजू टुकड़ी और खरबूजे के बीज के नमूने लिए गए। वहीं, रिलायंस मार्ट से गुलाब जामुन, मसूर पाक, बादाम और घी के नमूने लिए गए। कुकर खेड़ा मंडी स्थित रघु एंटरप्राइजेज से काजू का नमूना लिया गया।

खाद्य पदार्थों के सभी नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने तथा पैकेजिंग और लेबलिंग संबंधी नियमों की पालना करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए निरीक्षण व नमूनीकरण की कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767544 Articles

Share this story