12वीं में स्कूल टॉपर बने चिन्मय ने सांवलियाजी को भेंट की चांदी की किताब

WhatsApp Channel Join Now
12वीं में स्कूल टॉपर बने चिन्मय ने सांवलियाजी को भेंट की चांदी की किताब


चित्तौड़गढ़, 15 मई (हि.स.)। सीबीएसई 12वीं वाणिज्य की कक्षा में स्कूल टॉपर एवं जिले की मेरिट में स्थान बनाने वाले छात्र चिन्मय काबरा ने शुक्रवार को श्री सांवलियाजी मंदिर में चांदी से बनी किताब भेंट कर आभार जताया। चिन्मय ने जिले की मेरिट और स्कूल टॉपर बनने की मनोकामना भगवान सांवलिया सेठ से मांगी थी, जो पूरी हुई।

शुक्रवार को राजभोग आरती के समय चिन्मय माता-पिता एवं बहिन के साथ सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचा और सिर झुकाकर आशीर्वाद लिया। साथ ही आगे भी सफलता के लिए अरदास लगाई। सुनील काबरा ने बताया कि दो दिन पूर्व ही सीबीएसई कॉमर्स का परिणाम जारी हुआ था। इसमें पुत्र चिन्मय के 97% अंक आए और वह हिन्द जिंक स्कूल का टॉपर रहा। अच्छे अंकों के लिए भगवान सांवलिया सेठ से मनोकामना मांगी थी।

सुनील काबरा ने बताया कि करीब 50 ग्राम वजनी चांदी की किताब अहमदाबाद से बनवाई थी। किताब के एक पेज पर सांवलिया सेठ का चित्र बना है, एक पेज पर 'सांवलिया सेठ की जय' और एक अन्य पेज पर '12th पास' लिखा हुआ है। व्यवसाई सुनील काबरा ने कहा कि उनका पुत्र चिन्मय सीबीएसई 10वीं में भी स्कूल टॉपर रहा था। इस बार भी उसकी मेहनत देखकर विश्वास था कि स्कूल टॉप तो करेगा ही। इसलिए रिजल्ट से पहले ही चांदी की किताब का ऑर्डर दे दिया था। सीबीएसई ने 13 मई को परिणाम घोषित किया और 15 मई को सांवलिया सेठ पहुंचकर किताब भेंट कर दी। चिन्मय ने बताया कि फिलहाल उसका फोकस सीए बनने और नई दिल्ली के श्रीराम कॉलेज में प्रवेश के लिए प्रतियोगी परीक्षा पास करने पर है। वह इसके लिए लगातार तैयारी कर रहा है। काबरा परिवार की सांवलिया सेठ में गहरी आस्था है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story