फुलेरा-मदार रेलखंड पर 11 घंटे का मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लेकर किए महत्वपूर्ण अनुरक्षण एवं विकास कार्य

WhatsApp Channel Join Now
फुलेरा-मदार रेलखंड पर 11 घंटे का मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लेकर किए महत्वपूर्ण अनुरक्षण एवं विकास कार्य


जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे पर रेल परिचालन की संरक्षा, विश्वसनीयता एवं दक्षता में वृद्धि के उद्देश्य जयपुर मंडल में फुलेरा-मदार रेलखंड पर 11 घंटे का मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लेकर रेल अनुरक्षण, संरक्षा एवं आधारभूत संरचना से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। इस दौरान इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा विद्युत कर्षण विभागों द्वारा आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयावधि में विभिन्न कार्य पूरे किए गए।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार मेगा ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान किशनगढ़-मंडावरिया रेलखंड पर ब्रिज संख्या 262 में पुराने स्लैब हटाकर 7 प्रीकास्ट आरसीसी बॉक्स तथा 6 प्रीकास्ट बेस स्लैब स्थापित किए गए। इसके अतिरिक्त रेलपथ की गुणवत्ता एवं संरक्षा को बेहतर बनाने के लिए किशनगढ़ यार्ड में टर्नआउट नवीनीकरण का कार्य किया गया। किशनगढ़ एवं लाडपुरा यार्ड की लूप लाइनों में रेल नवीनीकरण का कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। मेगा ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान जयपुर-मदार रेलखंड स्थित भांवसा स्टेशन यार्ड में अतिरिक्त लूप लाइन संख्या 5 का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया। इस कार्य के अंतर्गत 6 नए पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग बिछाए गए। साथ ही, लाइन संख्या 4 का 310 मीटर विस्तार करने के अतिरिक्त 780 मीटर लंबी नई लूप लाइन बिछाई गई तथा 6 नए एसईजे (स्विच एक्सपेंशन जॉइंट) स्थापित किए गए।

सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग द्वारा अतिरिक्त लूप लाइन के अनुरूप मौजूदा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली में आवश्यक बदलाव एवं अपडेट किए गए। इससे स्टेशन की परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा रेलगाड़ियों के संचालन के लिए अतिरिक्त परिचालन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

ब्लॉक अवधि के दौरान विद्युत कर्षण विभाग द्वारा इंजीनियरिंग विभाग के संबंधी कार्यों को सुगम बनाने के लिए तीन स्थानों पर ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) के अनुरक्षण कार्य किये गये।

एक ही दिन में निर्धारित समयावधि के भीतर रेल अनुरक्षण, ट्रैक नवीनीकरण, पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग संबंधी कार्य, अतिरिक्त लूप लाइन का कमीशनिंग तथा ओएचई संबंधी कार्यों का सफल निष्पादन विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को दर्शाता है। इन कार्यों से रेल परिसंपत्तियों के प्रभावी अनुरक्षण, परिचालन दक्षता में सुधार तथा रेल संरक्षा को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767604 Articles

Share this story