एसआई भर्ती परीक्षा: पेपर लीक या नकल की सूचना देने पर मिलेगा एक लाख का इनाम

WhatsApp Channel Join Now
एसआई भर्ती परीक्षा: पेपर लीक या नकल की सूचना देने पर मिलेगा एक लाख का इनाम


जयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा 2025 को लेकर स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आगामी 05 और 06 अप्रैल 2026 को राज्य भर में आयोजित होने वाली इस परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल द्वारा जारी आदेश के अनुसार यदि कोई भी व्यक्ति परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले तत्वों की सटीक जानकारी देता है, तो उसे एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

एसओजी ने इन आपराधिक गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए एक विशेष व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9530429258 भी जारी किया है, जिस पर मैसेज के जरिए सूचना साझा की जा सकती है।

पुलिस को अंदेशा है कि कुछ आपराधिक तत्व परीक्षा को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। विशेष रूप से प्रश्न पत्र लीक करने के प्रयास,ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेस के जरिए नकल, असली अभ्यर्थी के स्थान पर डमी कैंडिडेट (मुन्ना भाई) बैठाना और अन्य किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

पुरस्कार वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप, जयपुर का होगा। इस आदेश की प्रतिलिपि गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story