एसआई भर्ती परीक्षा 2021 फिर से 20 सितंबर को होगी,आज खुली आवेदन संशोधन विंडो

WhatsApp Channel Join Now
एसआई भर्ती परीक्षा 2021 फिर से 20 सितंबर को होगी,आज खुली आवेदन संशोधन विंडो


अजमेर, 16 मई (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा-2021 को पुनः आयोजित करने की घोषणा करते हुए परीक्षा की नई तिथि 20 सितंबर निर्धारित की है। आयोग ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन का अवसर प्रदान करते हुए शनिवार 16 मई से 30 मई तक एप्लीकेशन एडिट विंडो खोल दी है।

आयाेग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस अवधि के दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, पत्राचार पता सहित अन्य आवश्यक जानकारियों में संशोधन कर सकेंगे। जिन उम्मीदवारों ने अपनी एसएसओ आईडी बदल ली है, वे “फेच एप्लीकेशन फॉर्म” विकल्प का उपयोग कर अपनी पुरानी आईडी से आवेदन डेटा को नई प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकेंगे।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को अपडेट करना अनिवार्य होगा। जिन उम्मीदवारों को किसी प्रकार का संशोधन नहीं करना है, उन्हें भी एडिट मोड में आवेदन खोलकर अपनी लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठा निशानी के उपयोग के लिए सहमति देना आवश्यक होगा। इसके बाद फाइनल सब्मिट बटन दबाकर मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करने के बाद ही आवेदन मान्य माना जाएगा।

इस पुनर्परीक्षा में केवल वही 3 लाख 83 हजार 97 अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पूर्व में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में उपस्थिति दर्ज करवाई थी। भर्ती से संबंधित आयु सीमा, आरक्षण, शैक्षणिक योग्यता और अन्य सभी शर्तें पूर्व में 3 फरवरी 2021 को जारी विज्ञापन तथा 7 जून 2021 के संशोधित पत्र के अनुसार ही प्रभावी रहेंगी।

आयोग ने यह भी साफ किया है कि जिन अभ्यर्थियों के खिलाफ एसआई भर्ती परीक्षा-2021 की शुचिता भंग करने या पेपर लीक जैसे मामलों में आरोप दर्ज हैं, उन्हें फिलहाल आवेदन संशोधन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।

ऐसे मामलों की अलग-अलग समीक्षा कर कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा और संबंधित अभ्यर्थियों को परीक्षा आयोजन से पहले अलग से सूचित किया जाएगा।

इस घोषणा के बाद लाखों अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने का अवसर मिल गया है। आयोग ने सभी पात्र उम्मीदवारों से समय रहते आवेदन अपडेट प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि परीक्षा में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story