जयपुर में सजेगा श्याम प्रभु का दरबार: 22 से 30 अगस्त तक होंगे झूला महोत्सव
जयपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। सावन के पवित्र महीने में राजधानी जयपुर श्याम भक्ति के रंग में रंगने जा रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में श्री खाटू श्याम बाबा के झूला महोत्सव, भजन संध्या और लहरिया उत्सव आयोजित होंगे। 22, 24 और 30 अगस्त को होने वाले इन आयोजनों में बाबा श्याम का विशेष शृंगार, झांकियां, अखंड ज्योति, छप्पन भोग और भजन संध्या मुख्य आकर्षण रहेंगे।
श्री खाटू श्याम सेवादार समिति की ओर से 22 अगस्त को शाम सवा पांच बजे से निर्माण नगर स्थित पद्मावती पार्क में श्री श्याम झूला महोत्सव होगा। संतों के सान्निध्य में भजन गायक झूला विहार के भजनों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
इसी दिन श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति की ओर से शाम 7 बजे से वैशाली नगर के चित्रकूट सेक्टर-9 स्थित स्वामी नारायण मंदिर के सामने झूला महोत्सव आयोजित होगा। यहां बाबा श्याम की विशेष झांकी सजाई जाएगी। आयोजन की तैयारियों में ललित प्रसाद खंडेलवाल, दुर्गेश खंडेलवाल और योगेश खंडेलवाल सहित कार्यकर्ता जुटे हैं।
वहीं सावन के चौथे सोमवार और पवित्रा द्वादशी के अवसर पर 24 अगस्त को कांवटियों का खुर्रा, रामगंज बाजार स्थित प्राचीन श्रीश्याम मंदिर में झूला एवं लहरिया उत्सव होगा। श्री कृष्ण-श्याम सखा ग्रुप की ओर से मंदिर महंत पं. लोकेश मिश्र के सान्निध्य में दोपहर 2 बजे से आयोजन किया जाएगा।
ग्रुप अध्यक्ष शालू मिश्रा के अनुसार भजनामृत सत्संग के दौरान बाबा श्याम को झूले में विराजमान कर लहरिया पोशाक धारण कराई जाएगी। बाबा को विभिन्न मिष्ठानों और विशेष रूप से घेवर का भोग लगाया जाएगा। महिलाएं लहरिया साड़ी पहनकर आयोजन में शामिल होंगी और भजनों के माध्यम से श्याम प्रभु का गुणगान करेंगी। मंदिर परिसर को आकर्षक लहरिया थीम पर सजाया जाएगा।
इसके अलावा श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति की ओर से 30 अगस्त को गांधी पथ वेस्ट स्थित मानस पैलेस में सुबह 10 बजे से विशाल वन विहार झूला महोत्सव होगा। हरियाली के बीच बाबा श्याम को झूले में विराजमान किया जाएगा। इस अवसर पर अखंड ज्योति और छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धालु परिवार सहित वर्षा ऋतु की प्राकृतिक छटा के बीच बाबा के दर्शन और वन विहार का आनंद ले सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

