श्याम भक्ति सेवा संस्थान का श्याम बाबा की 500 मूर्तियों का श्रृंगार, वितरण गुरुवार को

WhatsApp Channel Join Now
श्याम भक्ति सेवा संस्थान का श्याम बाबा की 500 मूर्तियों का श्रृंगार, वितरण गुरुवार को


जोधपुर, 18 मार्च (हि.स.)। श्याम भक्ति सेवा संस्थान द्वारा हिंदू नव वर्ष की प्रात: कालीन बेला में खाटू वाले श्याम बाबा की 500 मूर्तियों का एक साथ सामूहिक पूजन और सामूहिक प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित कर श्याम भक्तों को निशुल्क वितरण किया जाएगा। इससे पूर्व 100 मंदिरों में श्याम बाबा की 100 मूर्तियां प्राण प्रतिष्ठित करवाई गई थी।

श्याम भक्ति सेवा संस्थान की अध्यक्ष मोनिका प्रजापत ने बताया कि श्याम भक्तों द्वारा लगातार मूर्ति की मांग को लेकर चल रही प्रेरणा के चलते निशुल्क रूप से 500 मूर्तियों के पूजन और प्राण प्रतिष्ठा के बाद वितरण का निर्णय लिया गया। इस आधार पर पहले आओ पहले पाओ के चलते गीता भवन के मुख्य द्वार पर मूर्ति टोकन प्राप्ति केंद्र पर निर्धारित पंजीकरण जांच के बाद टोकन प्रदान किया जाएगा और प्राण प्रतिष्ठा में बैठने वाले को ही मूर्ति प्राप्त हो सकेगी। प्राण प्रतिष्ठा में बैठने के लिए निर्धारित समय सुबह 7.30 बजे है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष ईश्वर सिंह उदावत और कार्यवाहक सचिव हेमंत लालवानी ने बताया कि श्याम भक्ति सेवा संस्थान क़ी अध्यक्ष मोनिका प्रजापत क़ी अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विनीत माथुर मुख्य अतिथि होंगे जबकि कार्यक्रम में सीमांत मुख्यालय सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक एमएल गर्ग, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी, श्री गीता प्रचार मंडल के अध्यक्ष प्रहलाद गोयल तथा सचिव राजेश लोढ़ा के विशिष्ट अतिथी होंगे।

मूर्तिकार जय शंकर बावरी चौहान ने अपने पूरे परिवार के साथ जिन 500 मूर्तियों को तैयार किया, उनका विधिवत श्रृंगार संस्थान अध्यक्ष मोनिका प्रजापत और आयोजन समिति के अध्यक्ष ईश्वर सिंह उदावत की मौजूदगी में सैकड़ो श्याम भक्तों ने बड़े उत्साह और उमंग से किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story