श्रीनाथजी के दर्शन कर शिक्षा मंत्री बोले, निजी स्कूलों की फीस वसूली अवैध

WhatsApp Channel Join Now
श्रीनाथजी के दर्शन कर शिक्षा मंत्री बोले, निजी स्कूलों की फीस वसूली अवैध


राजसमंद, 2 अप्रैल (हि.स.)। राजसमंद जिले के नाथद्वारा दौरे पर पहुंचे राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को प्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन किए और मंदिर परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान बोर्ड परीक्षा परिणाम पर संतोष व्यक्त करते हुए शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की बात कही। साथ ही निजी स्कूलों द्वारा की जा रही अतिरिक्त फीस वसूली को अवैध बताते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।शिक्षा मंत्री ने नाथद्वारा पहुंचकर मंदिर के मोती महल दरवाजे से प्रवेश किया और भगवान श्रीनाथजी की राजभोग झांकी के दर्शन किए। दर्शन के बाद मंदिर परंपरा के अनुसार अधिकारी सुधाकर उपाध्याय ने उन्हें रजाई और उपरणा ओढ़ाकर तथा फेंटा बांधकर सम्मानित किया और प्रसाद भेंट किया। इस अवसर पर सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित सहित मंदिर प्रशासन के कई अधिकारी और सेवादार उपस्थित रहे।मंदिर परिसर स्थित मोती महल में मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री दिलावर ने हाल ही में घोषित राजस्थान बोर्ड के परीक्षा परिणाम पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि बोर्ड के परिणाम संतोषजनक हैं और शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।निजी स्कूलों की फीस वसूली के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कई स्कूल किताबों और यूनिफॉर्म के नाम पर अभिभावकों से अतिरिक्त राशि वसूल रहे हैं, जो पूरी तरह अवैध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ऐसे मामलों की शिकायत मिलती है तो संबंधित स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बाल भिक्षावृत्ति के विषय पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि इसे समाप्त करना केवल सरकार की नहीं बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर प्रयास करना होगा ताकि बच्चों को भीख मांगने से रोककर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।दर्शन के बाद शिक्षा मंत्री का न्यू कॉटेज में स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया, जिसके पश्चात वे अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story