बीकानेर में 26 सितंबर को होगा श्री श्याम अखाड़ा 2.0

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में 26 सितंबर को होगा श्री श्याम अखाड़ा 2.0


बीकानेर, 22 सितंबर (हि.स.)। बीकानेर के रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि-सिद्धि पैलेस में 26 सितंबर को श्री श्याम मित्र मंडल, करणी नगर की ओर से ‘श्री श्याम अखाड़ा 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7:15 बजे शुरू होगा और इसमें खाटू धाम से महंत मोहनदास जी महाराज का सान्निध्य रहेगा।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में श्याम बगीची अखाड़ा विशेष आकर्षण रहेगा। आयोजन स्थल को खाटू धाम की श्याम बगीची की तर्ज पर सजाने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, रात्रि जागरण, पुष्प एवं इत्र वर्षा और छप्पन भोग सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे।

कार्यक्रम में विशेष अर्जी बॉक्स भी रखा जाएगा। श्रद्धालु इसमें अपनी मनोकामना लिखकर अर्जी डाल सकेंगे। मंडल के सेवादार इन अर्जियों को खाटू धाम स्थित श्री श्याम मंदिर में पहुंचाएंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से मनोकामना पूरी होने पर खाटू धाम पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन करने का आग्रह किया है।

बाबा श्याम के दरबार के श्रृंगार के लिए दिल्ली से फूल मंगाए जा रहे हैं। संकीर्तन के दौरान पुष्प और इत्र की वर्षा की जाएगी तथा बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।

संकीर्तन में कोलकाता से आए भजन प्रवाहक अमोल-शुभम पाराशर भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का समापन मध्यरात्रि के बाद महंत मोहनदास जी महाराज के अखाड़े के साथ होगा।

श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र खत्री सहित आयोजन से जुड़े सदस्यों ने बीकानेर और आसपास के श्याम भक्तों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बैठने और दर्शन सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story