श्रीरामचंद्रजी  मंदिर  में सजेगी भव्य राजसी झांकी: ठाकुरजी का होगा शाही श्रृंगार

WhatsApp Channel Join Now
श्रीरामचंद्रजी  मंदिर  में सजेगी भव्य राजसी झांकी: ठाकुरजी का होगा शाही श्रृंगार


जयपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। चांदपोल स्थित ऐतिहासिक ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में दीपावली पर विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के तहत ठाकुरजी की भव्य राजसी झांकी सजाई जाएगी। इस अवसर पर भगवान का शाही श्रृंगार पारंपरिक रजवाड़ी वैभव और प्राचीन राजसी परंपराओं के अनुरूप किया जाएगा।

झांकी का मुख्य आकर्षण जरदोजी और आरी-तारी की बारीक कारीगरी से तैयार पारंपरिक रजवाड़ी पोशाक होगी, जिसे ‘जामा’ कहा जाता है। इस जामे की विशेषता इसका विशाल घेर है। इसे तैयार करने में करीब 36 मीटर कपड़े का उपयोग किया जाता है। बारीक कढ़ाई, भव्य बनावट और पारंपरिक हस्तशिल्प से सजा यह जामा राजस्थानी राजसी परंपरा की झलक पेश करेगा।

महंत नरेन्द्र तिवाड़ी ने बताया कि ठाकुरजी को इस अवसर पर रजवाड़ी काल के पारंपरिक आभूषण भी धारण करवाए जाएंगे। सोने के मुकुट, बहुमूल्य आभूषण, जरदोजी की कलात्मक कारीगरी से सुसज्जित वस्त्रों के साथ स्वर्ण चरण भी धारण करवाए जाएंगे। ठाकुरजी की मनोहारी झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।

आयोजन के तहत शाम को वैदिक परंपराओं और विधि-विधान से महालक्ष्मी पूजन किया जाएगा। इसमें मां लक्ष्मी की आराधना कर सुख-समृद्धि, ऐश्वर्य और मंगलमय जीवन की कामना की जाएगी। मंदिर में राजसी वस्त्रों, पारंपरिक आभूषणों और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। इस मंदिर में झांकी दर्शन का समय सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक और शाम 5:30 से रात 9:30 बजे तक रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774155 Articles

Share this story