ठिकाना मंदिर श्रीरामचंद्रजी में होगी नवीन शिखर कलश की स्थापना

WhatsApp Channel Join Now
ठिकाना मंदिर श्रीरामचंद्रजी में होगी नवीन शिखर कलश की स्थापना


जयपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। चांदपोल स्थित ऐतिहासिक ठिकाना मंदिर श्रीरामचंद्रजी में विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार को नवीन शिखर कलश स्थापना समारोह आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12:30 से 2 बजे तक होने वाले इस धार्मिक आयोजन में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी सहित प्रमुख संत-महंत और गणमान्यजन शामिल होंगे। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ मंदिर के शिखर पर नवीन कलश की प्रतिष्ठा की जाएगी। समारोह में ऑनलाइन दर्शन की सुविधा देने वाले मोबाइल ऐप का भी लोकार्पण होगा।

मंदिर के महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया मंदिर के शिखर पर स्थापित होने वाला नवीन कलश आठ धातुओं से निर्मित है। इसकी लंबाई छह फीट और वजन लगभग 30 किलोग्राम बताया गया है। कलश का निर्माण जयपुर में नरेश अग्रवाल ने किया है। इसके निर्माण की प्रक्रिया शुभ लग्न और चौघड़िया देखकर संपन्न कराई गई। कलश स्थापना को मंदिर की धार्मिक परंपरा और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

ठिकाना मंदिर श्रीरामचंद्रजी जयपुर की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर का निर्माण वर्ष 1894 में राजमाता गुलाब कंवर धीरावत ने करवाया था। अयोध्या के प्रसिद्ध कनक भवन की स्थापत्य परंपरा से प्रेरित इस मंदिर का निर्माण 18 वर्ष 9 माह में पूरा हुआ था। उत्तरमुखी स्वरूप वाला यह मंदिर अपनी विशिष्ट स्थापत्य शैली और धार्मिक परंपराओं के कारण श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है।

मंदिर के शिखर पर नवीन कलश की स्थापना को इसकी प्राचीन धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और भावी पीढ़ियों तक सांस्कृतिक विरासत पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

समारोह का एक अन्य प्रमुख आकर्षण ऑनलाइन दर्शन की सुविधा देने वाले मोबाइल ऐप का लोकार्पण होगा। जयपुर के तकनीकी विद्यार्थियों द्वारा विकसित इस ऐप के माध्यम से श्रद्धालु घर बैठे मंदिरों के लाइव दर्शन कर सकेंगे। इसके साथ ही धार्मिक सेवाओं और अन्य आध्यात्मिक सुविधाओं से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।

यह पहल विशेष रूप से देश-विदेश में रहने वाले उन श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी होगी, जो दूरी या अन्य कारणों से नियमित रूप से मंदिर नहीं पहुंच पाते। डिजिटल माध्यम से धार्मिक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने में भी इस पहल की भूमिका रहेगी।

मंदिर के महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि नवीन शिखर कलश स्थापना और मोबाइल ऐप लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में प्रमुख संत-महात्माओं, विभिन्न मंदिरों के महंतों तथा तकनीकी, बैंकिंग, वाणिज्यिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।

विजयादशमी के अवसर पर आयोजित यह समारोह मंदिर की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक आस्था और आधुनिक तकनीक के समन्वय का प्रतीक होगा। एक ओर मंदिर के शिखर पर नवीन कलश की स्थापना होगी, वहीं दूसरी ओर ऑनलाइन दर्शन की सुविधा के माध्यम से श्रद्धालुओं को डिजिटल रूप से मंदिर से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763187 Articles

Share this story