मंदिर श्री रामचंद्र जी में नव संवत्सर के दिन श्री ठाकुर जी को सुनाया पंचांग
जयपुर, 19 मार्च (हि.स.)। राजधानी जयपुर के चांदपोल बाजार स्थित मंदिर श्री रामचंद्र जी में गुरुवार को नव दिवसीय श्री राम जन्मोत्सव के अंतर्गत सिंजारा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी परिवार ने नव संवत्सर के दिन श्री ठाकुर जी को पंचांग सुनाकर शुभारंभ किया।
मंदिर में महिला भक्त समाज ने पूरे दिन विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग गणगौर माता को अर्पित किया। प्रातः से ही मंदिर प्रांगण में भजन कीर्तन चल रहे थे और माता गणगौर को विशेष विधि से विहार कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने उन्हें घेवर अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
शाम को मंदिर भक्त समाज द्वारा गणगौर उत्सव एवं बधाई समारोह आयोजित किया गया। जिसमें सभी भक्तों ने हर्षोल्लास के साथ भाग लिया। आगामी 21 मार्च को श्याम भजन सेवा समिति की ओर से भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक परंपरा का हिस्सा है, बल्कि समाज में भाईचारे और सांस्कृतिक समरसता को भी बढ़ावा देता है। इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और उत्सव को और भव्य बनाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

