श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति अभियान की रथयात्राओं के सहभागी होंगे सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति अभियान की रथयात्राओं के सहभागी होंगे सम्मानित


जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। संयुक्त भारतीय धर्म संसद के तत्वावधान में पिछले तीन वर्षों से संचालित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति अभियान के तहत द्वारिका, बद्रीनाथ, रामेश्वरम और जगन्नाथपुरी से मथुरा तक निकाली गई चारों रथयात्राओं के पूर्ण होने पर रविवार को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाले कार्यक्रम में मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के महंत डॉ. नरेश पुरी महाराज का सानिध्य रहेगा।

संयुक्त भारतीय धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर ने बताया कि समारोह में चारों रथयात्राओं में शामिल यात्री दलों के सदस्यों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही अभियान में सहयोग देने वाले विभिन्न मठ-मंदिरों से जुड़े संतों और महंतों का अभिनंदन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि तीन वर्षों से चल रहे इस अभियान के दौरान देशभर में 400 से अधिक स्थानों पर छोटी-बड़ी सभाएं आयोजित की गईं। जयपुर के भक्त कवि डॉ. कैलाश परवाल की ओर से रचित ‘श्रीकृष्णम’ महाकाव्य का भी विभिन्न स्थानों पर पाठ किया गया। चारों धामों से मथुरा तक निकाली गई रथयात्राओं को संत समाज के साथ आम सनातनियों का भी सहयोग और समर्थन मिला।

आचार्य राजेश्वर ने बताया कि अभियान को भविष्य में देशभर में आगे बढ़ाया जाएगा। इसके तहत मथुरा और दिल्ली में बड़ी सभाएं आयोजित करने की भी योजना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story