श्री कल्याण जी डिग्गीपुरी की लक्खी पदयात्रा 18 अगस्त से

WhatsApp Channel Join Now
श्री कल्याण जी डिग्गीपुरी की लक्खी पदयात्रा 18 अगस्त से


जयपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। भगवान श्री कल्याण जी महाराज डिग्गीपुरी की 61वीं ऐतिहासिक लक्खी पैदल पदयात्रा 18 अगस्त को चौड़ा रास्ता स्थित श्री ताडक़ेश्वर महादेव मंदिर से सुबह नौ बजे रवाना होगी। पैदल यात्रा 18 अगस्त मद्रामपुरा के बालाजी, 19 अगस्त को हरसूलिया, 20 अगस्त को फागी, 21 अगस्त को चौसला में रात्रि विश्राम करते हुए 22 अगस्त को श्री कल्याण जी महाराज के निजधाम डिग्गी धाम पहुंचेगी।

यात्रा के अध्यक्ष एवं संचालक श्रीजी शर्मा (लोहे वाले) ने बताया कि वर्ष 1964 में पदयात्रा का शुभारंभ दिवंगत हो चुके रामेश्वर लाल शर्मा (लोहे वाले) ने किया था। तब से यह धार्मिक यात्रा निरंतर श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ संचालित होती आ रही है।

विशेष बात यह है कि जिस ऐतिहासिक गाड़ी से वर्ष 1964 में इस पदयात्रा का शुभारंभ हुआ था, वही गाड़ी आज भी यात्रा के साथ रहती है। उसका पंजीकरण क्रमांक आरएसएल-0093 है, जो इस गौरवशाली परंपरा का साक्षी है।

श्रीजी शर्मा ने बताया कि यह लगभग 24 कोस की पैदल यात्रा जयपुर से प्रारंभ होकर डिग्गी धाम स्थित भगवान श्री कल्याण जी महाराज के निजधाम तक पहुंचती है। यात्रा में प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु, महिला एवं पुरुष उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। भजन-कीर्तन, जयघोष और भक्ति-भाव के साथ श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए भगवान श्री कल्याण जी के दर्शन के लिए डिग्गी धाम पहुंचते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story