श्री गुरु ग्रंथ साहब महाराज नए दरबार हाल में प्रकाशमान

WhatsApp Channel Join Now
श्री गुरु ग्रंथ साहब महाराज नए दरबार हाल में प्रकाशमान


जोधपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। आनंद सिनेमा के पास स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के नए दरबार हाल में साहब श्री गुरु ग्रंथ साहब महाराज के प्रकाशमान होने का कार्यक्रम गुरुवार को सुबह आरंभ हुआ। इस मौके पर पंच प्यारों की अगुवाई में कीर्तन करते हुए श्री गुरु ग्रंथ साहब महाराज नए दरबार हॉल में प्रकाशमान हुए।

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सेवादार सरदार दर्शन सिंह लोटे एवं सचिव सरदार कुलदीप सिंह सलूजा ने बताया कि गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आज धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ नए दरबार हॉल का शुभारंभ किया गया। इस विशेष अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में गुरु नानक नाम लेवा संगत अर्थात सिख, पंजाबी एवं सिंधी समाज की संगत गुरु घर में नतमस्तक होने पहुंची।

समाज प्रवक्ता सरदार जितेंद्र सिंह बत्रा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नौ बजे हुई जब पंज प्यारों की अगुवाई और कीर्तन की गूंज तथा फूलों वर्षा के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज की पावन सवारी को नए दरबार हॉल में लाया गया। वहां पूर्ण मर्यादा के साथ महाराज को प्रकाशमान (सुशोभित) किया गया। इस दौरान संगत ने जो बोले सो निहाल के जयकारों के साथ माहौल को भक्तिमय बना दिया।

दरबार हॉल में प्रकाश के उपरांत विशेष कीर्तन दीवान सजाया गया, जिसमें स्त्री सत्संग के जत्थे एवं रागी जत्थों ने अमृतमयी गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ हुआ। श्री अखंड पाठ साहब की समाप्ति 25 अप्रैल को होगी। इसके बाद दो दिवसीय समागम शुरू होंगे। जिसमें दरबार साहब से आए रागी संदीप सिंह व सिमरप्रीत सिंह हरजस गायन करेंगे। सभी दीवानों की समाप्ति के बाद गुरु का अटूट लंगर का आयोजन होगा।

संतों का रहा सान्निध्य

कार्यक्रम के दौरान सैनाचार्य अचलानंद गिरी महाराज, पंजाब केसरी जयानन्द सुरेश्वर महाराज, जय कीर्ति विजय महाराज, रामस्नेही संत हरिराम शास्त्री महाराज सहित कई संतों को सानिध्य रहा।

इसके साथ ही पूर्व नरेश गजसिंह, हेमलता राज्ये, राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश पुष्पेंद्र सिंह भाटी, न्यायाधीश अरुण मोंगा, न्यायाधीश बलजिंदर सिंह संधू, आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचारक निम्बाराम, सनातन सेना ट्रस्ट के महावीर अमरावत, भामाशाह अनिल भावनानी, सुनील तलवार, विक्रमजीत सिंह बक्शी, गोपी जनवानी, संजीव सचदेवा, पूर्व पार्षद कुश गहलोत तथा सिख समाज के चैयरमैन सरदार जगदेव सिंह खालसा, हरजीत सिंह भूटानी, मनजीत सिंह छाबड़ा, गुरमुख सिंह छाबड़ा, गुरचरण सिंह बग्गा, हरदीप सिंह सलूजा, प्रतिपाल सिंह वालेचा व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story