जयपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया डाला छठ
जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ सोमवार को उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। इसी के साथ छठी मैया को समर्पित करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत भी पूर्ण हुआ। व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद घर पहुंचकर परिजनों के साथ पारण किया। इस अवसर पर गलता जी तीर्थ में मेले जैसा माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। राजधानी में बिहार, झारखंड और पूर्वांचल की संस्कृति, लोकगीतों एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों की झलक देखने को मिली।
सोमवार तड़के से ही गलता जी तीर्थ सहित छठ पूजा के लिए बनाए गए कृत्रिम जलाशयों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। सूर्योदय से पहले ही पूजा स्थलों पर छठी मैया के पारंपरिक लोकगीत गूंजने लगे। जैसे ही सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, महिला व्रतियों ने पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के सुखी जीवन की कामना की। रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करने के बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया गया।
बिहार समाज संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुरेश पंडित ने बताया कि जयपुर में गलता जी तीर्थ के अलावा आमेर स्थित मावठा, शास्त्री नगर के किशन बाग, 52 फुट हनुमान मंदिर के सामने, लालसोट धाम, आगरा रोड, ब्रह्मपुरी, प्रताप नगर, रॉयल सिटी माचवा, विश्वकर्मा, बड़ोदिया बस्ती और मुरलीपुरा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छठ पूजा का आयोजन किया गया। इन स्थानों पर बनाए गए कृत्रिम जलाशयों में खड़े होकर व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।
संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री चंदन कुमार मंडल ने बताया कि इस बार जयपुर में शहर के अलग-अलग इलाकों में करीब 150 स्थानों पर छठ महापर्व का आयोजन हुआ। गलता जी तीर्थ पर्व का प्रमुख केंद्र रहा, जहां बिहार, पूर्वांचल, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देने के बाद श्रद्धालुओं ने पूरी रात सूर्योदय की प्रतीक्षा की और सोमवार सुबह दूसरे अर्घ्य के साथ पर्व की अंतिम रस्म पूरी की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि बिहार समाज परिवार के सदस्य पूरी रात और सुबह तक पूजा की तैयारियों में जुटे रहे। गलता जी में पारंपरिक लोकगीतों के माध्यम से छठी मैया की आराधना की गई। जयपुर में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के परिवारों के लिए यह पर्व अपनी जन्मभूमि की परंपराओं और संस्कृति से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।
श्रद्धालुओं ने बताया कि छठ महापर्व की विशेषता यह है कि इसमें किसी विशेष मंदिर या मूर्ति के बजाय प्रकृति के प्रत्यक्ष स्वरूप सूर्यदेव और जल की उपासना की जाती है। व्रती पानी में खड़े होकर डूबते और उगते, दोनों सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है।
व्रतियों ने बताया कि चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। पहले दिन स्नान और घर की साफ-सफाई के बाद सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया गया। 14 नवंबर को खरना की परंपरा निभाई गई। दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को प्रसाद तैयार कर छठी मैया को भोग लगाया गया और प्रसाद ग्रहण करने के बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। 15 नवंबर की शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया गया। इसके बाद पूरी रात छठी मैया की आराधना कर सोमवार सुबह सूर्योदय की प्रतीक्षा की गई।
सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही चार दिनों की कठिन साधना पूरी हुई। व्रतियों ने पूजा की सभी परंपराएं निभाने के बाद प्रसाद ग्रहण कर पारण किया। इस तरह जयपुर में चार दिनों से चल रहा डाला छठ महापर्व श्रद्धा, उल्लास और छठी मैया के जयकारों के बीच संपन्न हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

