हर कंकर में शंकर—हर जीव में परमात्मा: पं. प्रदीप मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
हर कंकर में शंकर—हर जीव में परमात्मा: पं. प्रदीप मिश्रा


जयपुर, 25 मार्च (हि.स.)। मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड पर जयपुर परिवार सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में चल रही श्री शिव महापुराण कथा के छठे दिन बुधवार को हजारों श्रद्धालु उमड़े। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) के भजनों और प्रवचनों में श्रद्धालु भाव विभोर होकर झूमते नजर आए।

इस अवसर पर ख्यातिप्राप्त कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर भी कथा श्रवण करने पहुंचे, जिनका आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक अखिलेश अत्री और मनोज पांडे ने स्वागत किया।

कथा के दौरान पं. प्रदीप मिश्रा ने कहा कि हर कंकर में शंकर और प्रत्येक जीव में परमात्मा का वास है। उन्होंने कहा कि शिवभक्त को दुखों को लोगों के बजाय भगवान से साझा करना चाहिए, क्योंकि कठिन समय में भगवान विभिन्न रूपों में सहायता करते हैं। उन्होंने रुद्राक्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसे धारण करने वालों की रक्षा स्वयं भगवान शिव और माता पार्वती करते हैं।

उन्होंने राष्ट्रधर्म और एकता पर जोर देते हुए कहा कि संकट के समय सभी को जाति-धर्म से ऊपर उठकर देशहित में कार्य करना चाहिए। साथ ही महिला शिक्षा पर बल देते हुए बेटियों के साथ बहुओं को भी शिक्षित करने की बात कही।

देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि जो व्यक्ति ईश्वर, माता-पिता और देश का सम्मान करता है, वही सच्चा सपूत है। उन्होंने “सनातनी दिखो नहीं, सनातनी बनो” का संदेश देते हुए सत्य की खोज को सनातन धर्म का मूल बताया।

कथा के दौरान श्रद्धालुओं के अनुभवों के पत्र भी पढ़े गए, जिनमें कथा श्रवण और पूजा से जीवन में सकारात्मक बदलाव की बातें साझा की गईं।

आयोजन समिति ने बताया कि कथा के अंतिम दिन गुरुवार को समय में बदलाव करते हुए सुबह 8 से 11 बजे तक कथा होगी। समापन अवसर पर यजमानों व पदाधिकारियों ने आरती कर कार्यक्रम का समापन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story