राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलों से मिली राहत

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलों से मिली राहत


राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलों से मिली राहत


जयपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को सोमवार को मौसम में अचानक आए बदलाव से कुछ राहत मिली।

पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में दोपहर बाद मौसम बदला और हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर सहित कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई। वहीं चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, अलवर और आसपास के क्षेत्रों में घने बादल छाने के साथ धूलभरी हवाएं चलीं, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आई।

हालांकि प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का प्रकोप बरकरार रहा।

जैसलमेर में सोमवार को अप्रैल का अब तक का सर्वाधिक तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जिसने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले 18 अप्रैल 2025 को यहां 46.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ था।

राजधानी जयपुर में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। यहां दिन का तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो सामान्य से क्रमशः 3.2 और 6.5 डिग्री अधिक रहा। दिनभर लू चलने के बाद शाम को कई इलाकों में धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी हुई। गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा सड़कों पर पानी का छिड़काव भी कराया गया।

अजमेर में भी दिनभर तेज गर्मी का असर बना रहा। अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और न्यूनतम 28.1 डिग्री दर्ज किया गया। बाजारों में लोगों ने धूप से बचाव के लिए विशेष इंतजाम किए। कोटा में गर्मी ने पिछले आठ वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए पारा 45.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा दिया, जिससे यह सीजन का सबसे गर्म दिन बन गया।

सीकर में दिनभर की झुलसाने वाली गर्मी के बाद शाम को मौसम बदला और तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। अलवर में भी शाम को आंधी और बूंदाबांदी से लोगों को राहत मिली।

बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में बारिश के साथ ओले गिरने से मौसम सुहावना हुआ।

उदयपुर में लगातार तेज गर्मी के चलते धार्मिक परंपराओं में भी बदलाव देखने को मिला। भगवान जगन्नाथ को गर्मी से राहत देने के लिए विशेष नौका विहार कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 28 अप्रैल को भी राज्य के 11 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि दो जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में राहत की संभावना है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान में गर्मी और लू का असर अभी जारी रह सकता है।

प्रदेशभर में मौसम के इस दोहरे रूप एक ओर रिकॉर्डतोड़ गर्मी और दूसरी ओर आंधी-बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story