सेवा सेतु अभियान 28 सितंबर तक चलेगा, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
सेवा सेतु अभियान 28 सितंबर तक चलेगा, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई


सेवा सेतु अभियान 28 सितंबर तक चलेगा, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई


जयपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को विकसित भारत-जन सेवा अभियान की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संचालित ‘सेवा सेतु अभियान’ को तीन दिन बढ़ाकर 28 सितंबर तक जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के तहत अधिक से अधिक पात्र लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से जोड़ने तथा शिविरों में आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक सरोकार और सुशासन की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

सेवा सेतु शिविरों में योजनाओं की जानकारी देने, पंजीयन एवं लाभ वितरण के साथ नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने तथा लंबित प्रकरणों और परिवेदनाओं का निस्तारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही नहीं हो।

बैठक में बताया गया कि विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत प्रदेश में अब तक 383 रक्तदान शिविर लगाए गए, जिनमें 15 हजार से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया गया। अभियान के तहत 37 हजार से अधिक ऑनलाइन संकल्प पत्र भरे गए हैं।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में 30 लाख परिवारों ने दीप प्रज्वलित किए। ‘मेरे सपनों का भारत-चित्रसेवा’ कार्यक्रम के तहत आयोजित 17,730 कार्यक्रमों में 13 लाख 40 हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसी तरह सेवा सेतु अभियान के तहत 660 शिविरों में 2 लाख 25 हजार से अधिक लोगों ने भागीदारी की। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत अब तक 20,406 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 18 लाख 55 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी रही।

मुख्यमंत्री ने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों की रोकथाम और उपचार के लिए आवश्यक तैयारियां करने तथा पर्याप्त दवाओं और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित चिकित्सा अधिकारियों और कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को दीपावली से पहले सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने तथा स्थानीय शासन विभाग को शहरों में साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को भी प्रदेशभर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

Share this story