सेवा संकल्प अभियान का रथ शनिवार को पहुंचेगा चौरासी, जगह-जगह होंगे स्वागत कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान का रथ शनिवार को पहुंचेगा चौरासी, जगह-जगह होंगे स्वागत कार्यक्रम


डूंगरपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही रथ यात्रा शनिवार को गुजरात से राजस्थान में प्रवेश करेगी। यात्रा के राजस्थान पहुंचने पर चौरासी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर स्वागत-अभिनंदन के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गुणवंत कलाल ने बताया कि रथ यात्रा सुबह करीब साढ़े 10 बजे गुजरात से राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेगी, जहां मांडली में स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे सीमलवाड़ा में रथ यात्रा का अभिनंदन होगा। यहां वागड़ की आदिवासी गैर नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।

रथ यात्रा दोपहर 12 बजे गोविंद गुरु की जन्मस्थली ग्राम पंचायत बांसिया स्थित धुनी मगरी धाम पहुंचेगी। यहां स्वागत-अभिनंदन के साथ साधु-संत सम्मान, नशामुक्ति की शपथ, स्वच्छता अभियान तथा 25 दीप एवं 25 संकल्प के तहत दीपदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद रथ यात्रा सागवाड़ा के लिए रवाना होगी, जहां छात्र संवाद, नशामुक्त युवा अभियान, सामूहिक देशभक्ति गीत, गौ सेवा और तालाब सफाई सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सागवाड़ा में कार्यक्रमों के बाद रथ यात्रा बांसवाड़ा जिले के लिए रवाना होगी।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं समन्वय के लिए भाजयुमो जिलाध्यक्ष कल्पेश भारती और जिला संयोजक जितेंद्र सिंह रत्नावाड़ा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। गुजरात से राजस्थान में प्रवेश और मांडली में स्वागत की जिम्मेदारी चौरासी विधानसभा प्रत्याशी कारीलाल ननोमा को दी गई है, जबकि सीमलवाड़ा में स्वागत कार्यक्रम के प्रभारी सुंदर खांट रहेंगे। बांसिया के धुनी मगरी धाम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के प्रभारी ईश्वर लाल विहात एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गुणवंत कलाल रहेंगे। सागवाड़ा में विधायक शंकरलाल डेचा के नेतृत्व में अनिल सिंह शक्तावत एवं भावेश चौबीसा व्यवस्थाएं संभालेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें युवा मोर्चा राजस्थान के कार्यक्रम प्रभारी सतेंद्र आवना, आईटी सेल संयोजक मयूर वाल्मीकि, प्रदेश प्रवक्ता हिमांशु बागड़ी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष कल्पेश भारती, जिला उपाध्यक्ष करुण ननोमा, जिला मंत्री जयेश लोधावरा, जिला संयोजक जितेंद्र सिंह रत्नावाड़ा, जिला सह संयोजक राजेंद्र सिंह अमृतिया, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष बृजेश वसीटा और कार्यालय मंत्री सतीश जैन सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story