बीस सितंबर को होगी एसआई भर्ती-2021 की पुन: परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
बीस सितंबर को होगी एसआई भर्ती-2021 की पुन: परीक्षा


जयपुर, 12 मई (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती-2021 की पुनर्परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह परीक्षा अब 20 सितंबर 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। पेपर लीक मामले में न्यायालय के आदेश के बाद आयोग ने पूर्व में आयोजित परीक्षा को निरस्त कर पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया था।

आरपीएससी सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि एसआई भर्ती-2021 की मूल परीक्षा 13 से 15 सितंबर 2021 के बीच आयोजित हुई थी। यह भर्ती 859 पदों के लिए आयोजित की गई थी। जिसमें 3 लाख 83 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनर्परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। जिन्होंने पूर्व परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में उपस्थिति दर्ज करवाई थी। नए अभ्यर्थियों को इस परीक्षा में अवसर नहीं दिया जाएगा।

आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन संबंधी जानकारी अपडेट करने का अवसर भी दिया है। 16 मई से 30 मई 2026 तक अभ्यर्थी अपने आवेदन में पंजीकृत मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और पत्राचार का पता संशोधित कर सकेंगे। जिन अभ्यर्थियों ने अपनी एसएसओ आईडी बदल ली है, वे ‘फेच एप्लीकेशन फॉर्म’ विकल्प के जरिए पुरानी आईडी का डेटा नए प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकेंगे।

रामनिवास मेहता ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) प्रक्रिया भी अपडेट करनी होगी। जिन अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का संशोधन नहीं करना है, उन्हें भी आवेदन को एडिट मोड में खोलकर अपनी लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान के उपयोग के लिए अनिवार्य सहमति देनी होगी। इसके बाद ‘फाइनल सब्मिट’ बटन पर क्लिक कर मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया पूरी किए बिना आवेदन मान्य नहीं माना जाएगा। पेपर लीक प्रकरण के बाद आयोजित होने जा रही इस पुनर्परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में एक बार फिर तैयारी का माहौल बन गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story