सावन मास के पहले दिन रामेश्वरम-मदुरई रवाना हुए वरिष्ठ नागरिक।
उदयपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाई जा रही निशुल्क तीर्थ यात्रा 2026 के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों की ट्रेन गुरुवार को राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन उदयपुर से रामेश्वरम-मदुरई के लिए रवाना हुई।
ट्रेन को दोपहर 2.45 बजे हरी झंडी उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रमोद सामर, भाजपा आपदा राहत विभाग राजस्थान के प्रदेश संयोजक डॉ जिनेन्द्र शास्त्री, सहायक आयुक्त देवस्थान उदयपुर जतिन गाँधी एवं ऋषभदेव सहायक आयुक्त दीपिका मेघवाल द्वारा देकर रवाना किया गया।
राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन कुल 989 वरिष्ठ नागरिक ट्रेन में सवार हुए, जिसमें उदयपुर के 676 एवं डूंगरपुर के 313 वरिष्ठ नागरिक सवार हुए। राणा प्रताप नगर स्टेशन पर प्रबंधक सुमित्रा सिंह, निरीक्षक नितिन नागर के नेतृत्व में देवस्थान विभाग के कार्मिकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के आवेदन पत्र जांच कर टिकट आवंटन का कार्य प्रातः 5 बजे शुरू किया गया।
ट्रेन एक अगस्त को रामेश्वरम पहुंचेगी एवं रामेश्वरम दर्शन के बाद वरिष्ठ नागरिकों को मीनाक्षी मंदिर मदुरई के दर्शन करवाए जाएंगे, ट्रेन 6अगस्त को पुनः उदयपुर लौटेगी। ट्रेन का प्रभारी पवन पटेल को बनाया गया है।
ट्रेन में कुल 989 यात्री एवं एक ट्रेन प्रभारी राजपत्रित अधिकारी, मेडिकल टीम, अनुरक्षक सहित 30 का स्टाफ कुल 1019 यात्री यात्रा कर रहे हैं, समस्त वरिष्ठ जनों को ट्रेन में चाय नाश्ता, खाना, गंतव्य स्थान पर पहुंचने पर रहने दर्शन करने सहित समस्त सुविधाएं राज्य सरकार द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
राज्य सरकार द्वारा प्रथम बार समस्त वरिष्ठ जनों के लिए एसी ट्रेन की व्यवस्था की गई है इससे पूर्व नॉन एसी ट्रेन संचालित होती थी। राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष 50000 वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा करवाने का लक्ष्य तय किया है एवं 6000 वरिष्ठ नागरिकों को हवाईजहाज से पशुपतिनाथ काठमांडू नेपाल की यात्रा करवाने का लक्ष्य तय किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

