वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना आमजन कर सकेंगे आवेदन, जल्द खुलेगा पोर्टल

WhatsApp Channel Join Now
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना आमजन कर सकेंगे आवेदन, जल्द खुलेगा पोर्टल


जयपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जल्द प्रारंभ होगी। शासन सचिवालय में मंगलवार को देवस्थान विभाग की यात्रा संचालन समिति की समीक्षा बैठक में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने इसके निर्देश दिए। कुमावत ने अधिकारियों को देवस्थान विभाग की पोर्टल में आवश्यक संशोधन कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करने के लिए निर्देशित किया। तीर्थयात्रा के सफल क्रियान्वयन के लिए देवस्थान मंत्री की अध्यक्षता में सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इसमें कमेटी के अध्यक्ष देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत होंगे, जबकि अतिरिक्त मुख्य सचिव, गृह विभाग, अतिरिक्त मुख्य सचिव, अल्पसंख्यक मामलात विभाग, शासन सचिव, देवस्थान, शासन सचिव, पर्यटन, प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग व आयुक्त, देवस्थान विभाग, उदयपुर को सदस्य बनाया गया है। इस कमेटी की पहली बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। इसमें देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने इस बार भी 50 हजार वरिष्ठजनों को वातानुकुलित ट्रेन एवं छह हजार यात्रियों को हवाई यात्रा के जरिए नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करवाए जाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में देवस्थान विभाग की वर्ष-2026 की बजट घोषणाओं की क्रियान्विति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। देवस्थान मंत्री ने अधिकारियों को बजट में स्वीकृत योजनाओं और कार्यों को शत प्रतिशत पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि बजट में स्वीकृत कोई भी कार्य अधूरा नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को बजट में स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता पर रखते हुए अपनी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बजट घोषणाओं की समयबद्ध क्रियान्विति के निर्देश दिए तथा गत वर्ष की बजट घोषणाओं के कार्य भी शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। मंत्री श्री कुमावत ने कहा कि बैठक के दौरान देवस्थान विभाग के प्रमुख मंदिरों में सुबह-शाम की आरती के ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में देवस्थान विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी, आयुक्त एलएन मंत्री, अतिरिक्त आयुक्त गितेश मालवीय, शासन उप सचिव आलोक सैनी, एडीसी, जयपुर प्रथम रतनलाल योगी सहित आईआरसीटीसी, पर्यटन, चिकित्सा एवं अल्पसंख्यक मामलात विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story