जयपुर की जेलों में गायत्री परिवार चलाएगा 'आत्म सुधार अभियान'

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर की जेलों में गायत्री परिवार चलाएगा 'आत्म सुधार अभियान'


जयपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश की जेलों में बंद कैदियों के पुनर्वास और मानसिक रूपांतरण के उद्देश्य से गायत्री परिवार ने एक विशेष आत्म सुधार साधना अभियान की शुरुआत की है। इस पहल के तहत जेलों में बंद कैदियों के लिए विभिन्न आध्यात्मिक और सुधारात्मक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।

गुरुवार को इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ करते हुए गायत्री परिवार की ओर से सेन्ट्रल जेल, महिला जेल, जिला कारागृह और बाल संप्रेषण गृह में श्रेष्ठ आध्यात्मिक साहित्य से सुसज्जित अलमारियां भेंट की गईं। इस दौरान गायत्री परिवार के प्रतिनिधि प्रेम लाल कुशवाह, अनूप राठौड़, प्रहलाद शर्मा, उमा भाटी, ललिता शर्मा और रामसिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय कारागार के उप अधीक्षक गुलशन शर्मा को गायत्री मंत्र का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

गायत्री परिवार राजस्थान के मुख्य ट्रस्टी ओमप्रकाश अग्रवाल ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में प्रदेश भर की जेलों में 'मंत्र लेखन अभियान' और 'पंच कुंडीय यज्ञ' आयोजित किए जाएंगे। इस पूरे आयोजन की जिम्मेदारी ब्रह्मपुरी शक्तिपीठ को सौंपी गई है।

उल्लेखनीय है कि गायत्री चेतना केंद्र मुरलीपुरा की ओर से सेठी कॉलोनी स्थित बाल संप्रेषण गृह में पिछले छह महीनों से सप्ताह में तीन दिन 'अपराध बोध से आत्म बोध' विषय पर विशेष कक्षाएं चलाई जा रही हैं, जिससे बाल बंदियों के व्यवहार और सोच में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story