राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर: जैसलमेर 46.1 डिग्री के साथ देश में सबसे गर्म, कई जिलों में रेड अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर: जैसलमेर 46.1 डिग्री के साथ देश में सबसे गर्म, कई जिलों में रेड अलर्ट


राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर: जैसलमेर 46.1 डिग्री के साथ देश में सबसे गर्म, कई जिलों में रेड अलर्ट


जयपुर, 14 मई (हि.स.)। राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। लगातार चौथे दिन प्रदेश देश का सबसे गर्म क्षेत्र बना रहा, जहां जैसलमेर 46.1 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। इससे पहले लगातार तीन दिन बाड़मेर सबसे गर्म रहा था। मौसम विभाग ने हालात को गंभीर मानते हुए गुरुवार को बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है।

प्रदेशभर में इस सप्ताह गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार आने वाले दिनों में तेज धूप, प्रचंड गर्मी और लू का असर जारी रहेगा। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। दौसा, सीकर, अलवर, श्रीगंगानगर सहित कई क्षेत्रों में तेज आंधी, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ क्षेत्र में दोपहर बाद आए रेत के तूफान से आसमान पीला नजर आया, जबकि दौसा के मानपुर कस्बे में तेज अंधड़ से दुकानों के ऊपर लगे टीनशेड उड़कर सड़कों पर गिर गए।

राजधानी जयपुर में दिनभर 43.8 डिग्री तापमान और लू के बाद शाम को धूलभरी आंधी व बूंदाबांदी से कुछ राहत मिली। सीकर में तेज हवा और बारिश के चलते कई पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। उदयपुर में गर्मी का कहर जारी है, जहां तापमान 42.4 डिग्री तक पहुंच गया। कोटा में 44.8 डिग्री तापमान रहा, जबकि अजमेर, जोधपुर और अलवर में भी तीखी धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story