विद्यालय संस्कारों के केंद्र, शिक्षक निभाते हैं व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका: मुख्यमंत्री
जयपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों के विकास के प्रमुख आधार होते हैं। शिक्षक बच्चों को ज्ञान देने के साथ उनके व्यक्तित्व को गढ़ते हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री बुधवार को आदर्श विद्या मंदिर राजापार्क में नवनिर्मित बहुउद्देशीय सभागार के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने फीता काटकर सभागार का उद्घाटन किया और पट्टिका का अनावरण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श विद्या मंदिर संस्थान केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और करुणा की भावना का भी प्रसार कर रहा है। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कारों का भी ज्ञान दिया जाता है।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और भामाशाहों को सभागार निर्माण के लिए बधाई देते हुए इसे हजारों सपनों की नींव बताया।
उन्होंने कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा शक्ति है, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। शिक्षक इस युवा शक्ति को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। एक शिक्षित और संस्कारित युवा न केवल अपना, बल्कि पूरे देश का भविष्य उज्ज्वल करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक हर बच्चा शिक्षा से जुड़ नहीं जाता, तब तक विकास अधूरा है। राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। युवाओं को रोजगार देने के लिए 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी क्षेत्र में अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 1.25 लाख नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि बड़ी संख्या में भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के समग्र विकास का आधार है। शिक्षक विद्यार्थियों में केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि चरित्र और मूल्यों का भी विकास करते हैं।
कार्यक्रम में विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

