भीषण गर्मी का असर: जयपुर में कक्षा 1 से 8 तक स्कूल समय बदला

WhatsApp Channel Join Now
भीषण गर्मी का असर: जयपुर में कक्षा 1 से 8 तक स्कूल समय बदला


जयपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी जयपुर सहित प्रदेशभर में बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने नौनिहालों को राहत देने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बुधवार को आदेश जारी कर कक्षा प्री-प्राइमरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के स्कूल समय में बदलाव किया है।

जारी आदेश के अनुसार 27 अप्रैल से सत्रांत तक कक्षा प्री-प्राइमरी से आठवीं तक के बच्चों की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी। यह आदेश राजकीय और गैर-राजकीय (प्राइवेट) दोनों स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के स्कूल समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक के अनुसार प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग की ओर से लू चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। ऐसे में दोपहर के समय स्कूल आने-जाने में बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, साथ ही कक्षाओं में पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल समय में संशोधन का निर्णय लिया है, ताकि बच्चों को तेज गर्मी से राहत मिल सके।

कलेक्टर ने यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत जारी किया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई स्कूल इस निर्देश की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह आदेश जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा। हालांकि स्कूल स्टाफ और संचालित अन्य परीक्षाओं के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी के प्रस्ताव पर यह निर्णय लिया गया है।

प्रशासन ने स्कूल संचालकों से आदेश की पालना सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story