स्कूल में बच्चे की मौत पर थाने के बाहर प्रदर्शन, आक्रोशित लोग थाने में घुसे

WhatsApp Channel Join Now
स्कूल में बच्चे की मौत पर थाने के बाहर प्रदर्शन, आक्रोशित लोग थाने में घुसे


उदयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। उदयपुर में स्कूल परिसर में पोल गिरने से छात्र की मौत के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। सर्व समाज के संगठनों के लोगों ने गोवर्धन विलास पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया और बड़ी संख्या में थाने में घुसकर अधिकारी के चेंबर में पहुंचकर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल संचालक की गिरफ्तारी और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बच्चे की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और स्कूल संचालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। लोगों ने यह भी मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि हादसे के पीछे किस स्तर पर लापरवाही हुई। प्रदर्शन के दौरान करणी सेना के परमवीर सिंह दुलावत ने कहा कि घटना से संबंधित सभी सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाएं। यदि फुटेज में किसी प्रकार की छेड़छाड़ हुई तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस दौरान थाना अधिकारी राजेन्द्र सिंह चारण ने प्रदर्शनकारियों को अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार को परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। हालांकि प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उस समय परिवार सदमे में था और जल्दबाजी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, इसलिए मंगलवार को एक नई रिपोर्ट देकर स्कूल संचालक पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की गई है। गौरतलब है कि सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे गोवर्धन विलास स्थित सेंट एंथोनी स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र महर्थ राज सिंह (8) पुत्र देवेन्द्र पाल सिंह चौहान की हैंडबॉल के पोल के गिरने से मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि बच्चा पोल पर लटका हुआ था, तभी पोल उसके सिर पर गिर गया। घटना के बाद से परिजन और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story