‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में राजस्थान से एक लाख कार्यकर्ता जुटाने का लक्ष्य
जयपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों को लेकर रविवार को जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में कांग्रेस नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजस्थान से अधिक से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, जितेंद्र सिंह, एआईसीसी सह प्रभारी रित्विक मकवाना, चिरंजीवी राव, एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ और पूनम पासवान सहित बड़ी संख्या में विधायक, विधायक प्रत्याशी और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में महारैली में राजस्थान की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केसी वेणुगोपाल को आश्वस्त किया कि दिल्ली की महारैली में राजस्थान से कम से कम एक लाख कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

