जन-जन तक पहुंचाएंगे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान: मामन खान

WhatsApp Channel Join Now
जन-जन तक पहुंचाएंगे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान: मामन खान


जोधपुर, 03 नवम्बर (हि.स.)। वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को लेकर एमजीएच रोड स्थित जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक मामन खान ने बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों, रूपरेखा और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।

जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. संजय गौड़ ने बताया कि बैठक में मामन खान ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना आवश्यक है। वोट केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य की नींव है। मतदाता सूचियों में पारदर्शिता, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखें, बल्कि इसे आमजन तक पहुंचाकर लोकतंत्र और मताधिकार के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करें। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और प्रत्येक कार्यकर्ता से अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

बैठक को संबोधित करते हुए जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा कांग्रेस पार्टी की मूल प्रतिबद्धता रही है। वर्तमान समय में मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभियान को मजबूत बनाने तथा इसकी जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी व रमेश बोराणा, पूर्व विधायक मनीषा पंवार, पूर्व महापौर कुंती देवड़ा, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश जोशी, सलीम खान, करण सिंह उचियारड़ा, शहजाद खान, प्रदीप गांग, कुश गहलोत, मयंक देवड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story