ट्रक की टक्कर से सरपंच व चचेरे भाई की मौत, दोस्त गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
ट्रक की टक्कर से सरपंच व चचेरे भाई की मौत, दोस्त गंभीर


बाड़मेर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले में नेशनल हाईवे-68 पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में ग्राम पंचायत के सरपंच (प्रशासक) और उनके चचेरे भाई की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शिव थाना क्षेत्र में गूंगा गांव के पास पेट्रोल पंप के निकट रात करीब एक बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार तीनों युवक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से अपने गांव कानासर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से वाहन आने पर बाइक चालक ने बचने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बाइक ट्रक के सामने आ गई और जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कानासर निवासी लक्ष्मण प्रसाद (25) पुत्र चेनाराम और उनके चचेरे भाई लक्ष्मण राम उर्फ लिच्छाराम (25) पुत्र पोकराराम की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव सड़क पर गिर पड़े। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और काफी दूरी तक घसीटती चली गई।

हादसे में तीसरा युवक उम्मेदाराम (25) पुत्र गोरखाराम गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेंस से बाड़मेर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया गया। मृतक लक्ष्मण प्रसाद कानासर ग्राम पंचायत के सरपंच (प्रशासक) थे, जबकि उनके चचेरे भाई लक्ष्मण राम पेशे से मकान कारीगर थे। हादसे की खबर से गांव में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस ने हादसे में शामिल जीरे से भरा ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story