सप्त शक्ति कमांड सम्मेलन में भविष्य की सैन्य तैयारियों पर चर्चा
जयपुर, 06 जून (हि.स.)। जयपुर में सप्त शक्ति कमांड की दो दिवसीय फॉर्मेशन कमांडर्स कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने की। कॉन्फ्रेंस में वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य, सामरिक चुनौतियों और तकनीकी बदलावों के प्रभावों पर व्यापक चर्चा करते हुए भविष्य की रणनीतियों और बेहतर ऑपरेशनल तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) राजस्थान लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया कि सम्मेलन में अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाने, सैन्य आधुनिकीकरण, साइबर सुरक्षा, क्षमता निर्माण और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही बदलते सुरक्षा परिवेश के अनुरूप युद्धक क्षमता को और सुदृढ़ बनाने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
कॉन्फ्रेंस के दौरान वर्तमान सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई तथा ऑपरेशनल और तकनीकी क्षेत्रों में हो रहे परिवर्तनों के प्रभावों का आकलन किया गया। विचार-विमर्श का केंद्र भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप समाधान विकसित कर कमान की उच्च स्तरीय ऑपरेशनल तत्परता बनाए रखने पर रहा।
आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने कमांडरों को संबोधित करते हुए बदलते खतरे के परिदृश्य से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तकनीक आधारित समाधानों और उभरती प्रौद्योगिकियों के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि व्यापक आकलन पर आधारित व्यावहारिक, सुनियोजित एवं मूल्यांकन-आधारित प्रशिक्षण से ऑपरेशनल दक्षता और मिशन की प्रभावशीलता को और बेहतर बनाया जा सकता है।
कॉन्फ्रेंस के अंतर्गत विभिन्न सैन्य टुकड़ियों में व्यावसायिकता, नवाचार और प्रतिस्पर्धात्मक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित पहलों की भी समीक्षा की गई। ड्रोन सब-यूनिट प्रतियोगिता, अंतर-फॉर्मेशन स्पोर्ट्स प्रतियोगिता तथा जनरल जे.जे. सिंह निशानेबाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
आर्मी कमांडर ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके समर्पण, व्यावसायिकता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना की सराहना की तथा सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

