सपोटरा को मिली पहली एसी बस सेवा, उप परिवहन कार्यालय पर विचार का आश्वासन

WhatsApp Channel Join Now
सपोटरा को मिली पहली एसी बस सेवा, उप परिवहन कार्यालय पर विचार का आश्वासन


जयपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार ने सपोटरा क्षेत्र को पहली बार वातानुकूलित (एसी) बस सेवा से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में सपोटरा में उप परिवहन कार्यालय खोलने के प्रस्ताव पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा।

विधानसभा में सदस्य हंसराज मीणा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्न के जवाब में डॉ. बैरवा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल तक सपोटरा एसी बस सेवा से वंचित था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस कमी को दूर करते हुए यहां से एसी बसों का संचालन शुरू किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों में परिवहन सुविधाएं सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।

परिवहन मंत्री ने बताया कि प्रदेश में लाइसेंस एवं वाहनों से संबंधित अधिकांश सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है, जिससे आमजन को अब छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ता। इससे समय और संसाधनों दोनों की बचत हो रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि आगामी समय में राजस्थान पथ परिवहन निगम के बस बेड़े में नई बसें शामिल की जाएंगी। इसके बाद सपोटरा से त्रिनेत्र गणेश जी, सवाई माधोपुर के लिए भी बस सेवा शुरू करने की योजना है।

इससे पूर्व मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वित्तीय संसाधनों की कमी के कारण वर्तमान में सपोटरा (करौली) में नए उप परिवहन कार्यालय खोलने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story