संवित धाम आश्रम : रजत जयंती महोत्सव का आयोजन जारी, देशभर से आ रहे साधु संत

WhatsApp Channel Join Now
संवित धाम आश्रम : रजत जयंती महोत्सव का आयोजन जारी, देशभर से आ रहे साधु संत


जोधपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ईश्वरानंद गिरि महाराज द्वारा दईजर-लाछा बासनी में स्थापित संवित धाम आश्रम का 25 वां वार्षिकोत्सव रजत जयंती उत्सव शारदीय नवरात्रि में भव्य वैदिक, धार्मिक अनुष्ठान, पाठ, अभिषेक, शतचंडी हवन और संतों के प्रवचन के साथ मनाया जा रहा है।

संवित धाम के रजत जयंती महोत्सव में भाग लेने के लिए संत सरोवर, सोमाश्रम, अर्बुदाचल के महंत स्वामी संवित सच्चिदानंद गिरि महाराज जोधपुर आ चुके हैं। लालेश्वर महादेव मंदिर, शिवबाड़ी, बीकानेर के महंत स्वामी विमर्शानंद गिरि महाराज, आद्यगुरु शंकराचार्य एकात्म धाम, ओंकारेश्वर उज्जैन के रेजीडेंट आचार्य स्वामी भूमानंद सरस्वती महाराज, सप्तमातृका मंदिर आश्रम, नर्मदा तट, महेश्वर, मध्यप्रदेश के महंत स्वामी समानंद गिरि महाराज तथा दईजर मंदिर के महंत देवेंद्र गिरि सहित अनेक संत संवित धाम आश्रम जोधपुर आयेंगे। नटवर व्यास, कमलेश पणिया, महेंद्र कल्ला, नरेंद्र बोहरा, अशोक बोहरा, अनिल राघवानी सहित अनेक साधक संतों के स्वागत की तैयारियों में लगे हैं।

आश्रम स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण, दो दिन होगा शतचंडी हवन :

जोधपुर संवित साधनायन सोसायटी के शरद जोशी और महेंद्र व्यास ने बताया कि संवित धाम आश्रम की स्थापना के 25 वर्ष 19 अक्टूबर को पूर्ण हो रहे हैं। इसी के तहत 11 से 20 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्रि, 18 व 19 अक्टूबर को दो दिवसीय रजत जयंती महोत्सव के तहत शतचंडी हवन का भी आयोजन होगा। 17 से 20 अक्टूबर तक संवित धाम के चिंतामणि सभा मंडप में आयोजित होने वाली धर्मसभा में विभिन्न संतों के प्रवचन होंगे। वरिष्ठ साधक जगदीश नारायण पुरोहित, राजेंद्र वशिष्ठ और ब्रह्मदेव बोड़ा के मार्गदर्शन में 19 अक्टूबर को संवित धाम आश्रम की वार्षिक सभा और 20 अक्टूबर को प्रात: कन्या पूजन के साथ उत्सव सम्पूर्ण होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story