सक्षम एनईसी की तीन दिवसीय बैठक चार से
जोधपुर, 02 सितम्बर (हि.स.)। सक्षम (समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसन्धान मण्डल) की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद् आगामी 4 से 6 सितंबर तक जोधपुर में आयोजित की जाएगी। इस तीन दिवसीय बैठक में देशभर के 44 प्रांतों से सक्षम के प्रतिनिधि भाग लेने के लिए जोधपुर पहुंचेंगे। बैठक का आयोजन पुंगलिया रिसॉर्ट दइजर में किया जाएगा।
सक्षम के राष्ट्रीय महासचिव उमेश आंधारे एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. पुरुषोत्तम पुरोहित ने बताया कि दिव्यांगों के सशक्तिकरण हेतु समर्पित राष्ट्रीय संगठन सक्षम की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद् की बैठक वर्ष में एक बार आयोजित की जाती है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य देशभर में सक्षम की विभिन्न इकाइयों द्वारा दिव्यांगों की सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करना व वर्षभर की गतिविधियों का मूल्यांकन करना तथा भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना है।
बैठक में विशेष रूप से दिव्यांग सेवा केन्द्रों के माध्यम से देशभर में दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न प्रांतों द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित सेवा एवं सहायता गतिविधियों, उनके प्रभाव तथा आगामी योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा होगी।
राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद् की बैठक में विभिन्न प्रांतों से आए प्रतिनिधि अपने-अपने प्रान्त में किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत करेंगे साथ ही दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण, पुनर्वास, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, स्वावलम्बन एवं सामाजिक समावेशन से संबंधित आगामी कार्यक्रमों और योजनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
यह है प्रमुख उद्देश्य
सक्षम का उद्देश्य दिव्यांगजनों की क्षमताओं को पहचानते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩा तथा उनके सम्मानजनक, स्वावलम्बी एवं आत्मनिर्भर जीवन के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य करना है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद् की बैठक इसी दिशा में किए जा रहे कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। जोधपुर में आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ राजस्थान प्रांत में सक्षम द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों और दिव्यांगजनों के हित में संचालित गतिविधियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर साझा किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

