केंद्र सरकार पर बरसे सचिन पायलट, जयपुर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से किया संवाद
जयपुर/दौसा, 22 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने छात्रों के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। दौसा में मीडिया से बातचीत करते हुए पायलट ने कहा कि सरकार का रवैया लाखों युवाओं के सपनों को कुचलने वाला है और पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं तथा छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार जवाबदेही से बच रही है।
पायलट ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों की मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे थे, लेकिन उनके साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए गए, लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। उन्होंने कहा कि कई छात्र घायल हुए हैं और सरकार को उनके साथ संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि छात्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। पायलट ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही खामियों से युवाओं का भरोसा कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होते हैं, परीक्षाएं रद्द होती हैं और नियुक्तियां अटकती हैं तो युवाओं के सामने भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो जाता है।
पायलट ने कहा कि लोकतंत्र में धरना देना, प्रदर्शन करना और अपनी मांग रखना संवैधानिक अधिकार है। विपक्ष की आवाज को दबाने, नेताओं को हिरासत में लेने और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अहंकारपूर्ण रवैया अपनाकर युवाओं, किसानों और आम लोगों की समस्याओं से मुंह मोड़ रही है।
इस दौरान उन्होंने कोचिंग और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में करोड़ों रुपये खर्च कर तैयारी करने वाले युवाओं को बार-बार निराशा का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
इधर, जयपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी (आंबेडकर छात्रावास) परिसर में राहुल गांधी के आह्वान पर चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ के तहत आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम में भी सचिन पायलट ने भाग लिया। कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों और युवाओं से संवाद करते हुए शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, विधायक मनीष यादव, विधायक अभिमन्यु पूनिया, विधायक मुकेश भाकर, जयपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा, कोटपूतली-बहरोड़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर, कांग्रेस नेता अनिल चोपड़ा, राष्ट्रीय युवा कांग्रेस सचिव राकेश मीणा सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे।
पायलट ने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी चिंताओं को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और यदि उनका विश्वास व्यवस्था से उठ गया तो यह लोकतंत्र और राष्ट्र दोनों के लिए गंभीर चुनौती होगी। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि कांग्रेस उनके अधिकारों, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और रोजगार के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

