पायलट की पुण्यतिथि पर भावुक हुए सचिन, बोले- गहलोत का जितना स्नेह वैभव के लिए, उतना ही मेरे लिए भी
दौसा, 11 जून (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने गुरुवार को अपने पिता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान नेता राजेश पायलट की 26वीं पुण्यतिथि पर दौसा जिले के भंडाना स्थित राजेश पायलट स्मृति स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और आमजन मौजूद रहे।
सचिन पायलट ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके साथ उनके पुत्र आरान और विहान पायलट भी मौजूद रहे। प्रार्थना सभा के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पायलट ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ अपने संबंधों को लेकर कहा कि अशोक गहलोत का जैसा स्नेह और लगाव उनके पुत्र वैभव गहलोत के प्रति है, वैसा ही स्नेह और लगाव उनके प्रति भी है।
उन्होंने कहा कि हम सभी कांग्रेस के सिपाही हैं और पार्टी की मजबूती के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में सचिन पायलट ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में युवाओं का भविष्य संकट में है। नीट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, किसानों की आमदनी घट रही है और महंगाई लगातार बढ़ रही है।
पायलट ने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों और गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से आमजन परेशान है। उन्होंने दावा किया कि देशभर में विपक्ष इन मुद्दों को लेकर एकजुट हो रहा है और जनता की आवाज बुलंद कर रहा है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार के लगातार मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय आंखें मूंदे बैठी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के भीतर आपसी खींचतान चल रही है और सत्ता का केंद्र कौन होगा, इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है तथा जनता अपराध, लूटपाट और अत्याचार की घटनाओं से परेशान है।
स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर पायलट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बावजूद सरकार चुनाव कराने के बजाय उन्हें टालने के बहाने तलाश रही है।
उनका आरोप था कि भाजपा जनता के आक्रोश से भयभीत है और इसी कारण चुनावों से बचना चाहती है। सचिन पायलट ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर घट रहे हैं और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है।
पायलट ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा दिए गए मोहब्बत की दुकान के संदेश को कांग्रेस कार्यकर्ता आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान कांग्रेस हमेशा मजबूत रही है और भविष्य में भी संगठन एकजुट होकर जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करता रहेगा।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पायलट ने इसे साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को न्यायालय में उठाएगी और कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में उनके योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने उन्हें किसानों, सैनिकों और आमजन की आवाज बताया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

