सांस अभियान के तहत जयपुर प्रथम-द्वितीय में घर-घर होगी पांच साल तक के बच्चों की स्क्रीनिंग

WhatsApp Channel Join Now
सांस अभियान के तहत जयपुर प्रथम-द्वितीय में घर-घर होगी पांच साल तक के बच्चों की स्क्रीनिंग


जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। सर्दी के मौसम में बच्चों को निमोनिया से बचाने और बीमारी के लक्षणों की समय पर पहचान के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जयपुर प्रथम और द्वितीय में सांस अभियान शुरू किया गया है। 12 नवंबर से शुरू हुआ यह अभियान 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इसके तहत आशा सहयोगिनियां और एएनएम घर-घर पहुंचकर जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों की स्क्रीनिंग करेंगी तथा अभिभावकों को निमोनिया के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी देंगी।

अभियान के तहत बुधवार को जयपुर प्रथम और द्वितीय के मिनी स्वास्थ्य भवनों में प्रचार सामग्री का विमोचन किया गया। जयपुर प्रथम के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और आंगनबाड़ी केंद्रों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं, जयपुर द्वितीय के कार्यवाहक सीएमएचओ डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि बीसीएमओ, चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, सीएचओ और आशा सहयोगिनियों को अभियान के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्वास्थ्यकर्मियों को बच्चों की जांच और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रमिला मीणा ने बताया कि आशा, एएनएम और सीएचओ को ब्लॉक एवं सेक्टर स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। चिकित्सा संस्थानों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण, स्तनपान, स्वच्छता, टीकाकरण और निमोनिया की रोकथाम को लेकर जागरूकता गतिविधियां होंगी।

चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार तेज सांस चलना, छाती धंसना, खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी निमोनिया के प्रमुख लक्षण हैं। बच्चों में ऐसे लक्षण दिखाई देने पर अभिभावक तत्काल नजदीकी राजकीय स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लें। अधिकारियों ने बच्चों का पूर्ण टीकाकरण कराने की अपील करते हुए बताया कि निमोनिया से बचाव के लिए पीसीवी टीका 6 सप्ताह, 14 सप्ताह और 9 माह की आयु में सरकारी चिकित्सा संस्थानों पर निःशुल्क उपलब्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story