ग्रामीण सेवा शिविरों से किसानों और पशुपालकों को मिला संबल

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण सेवा शिविरों से किसानों और पशुपालकों को मिला संबल


जोधपुर, 16 जून (हि.स.)। राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न ग्राम पंचायतों में आमजन को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इन शिविरों में किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीण परिवारों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।

ग्राम रणजीत सागर, ग्राम पंचायत चामू, पंचायत समिति चामू निवासी मोड़ सिंह ने कृषि विभाग की तारबंदी योजना के तहत आवेदन किया था। विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप खेत की तारबंदी करवाने के बाद उन्हें 38 हजार रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई। इसी प्रकार ग्राम चामू निवासी गिरधारी राम पुत्र अचला राम ने कृषि विभाग की पाइपलाइन योजना में आवेदन किया था। विभागीय मानकों के अनुरूप 300 मीटर पाइपलाइन कार्य पूर्ण होने पर उन्हें 15 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ।

ग्रामीण सेवा शिविर चामू में कृषि विभाग द्वारा किसान भोपाल सिंह भाटी का पाइपलाइन योजना के लिए आवेदन भी करवाया गया, जिससे उन्हें भविष्य में योजना का लाभ प्राप्त हो सकेगा। पंचायत समिति सेखाला की ग्राम पंचायत भालू, अनूपगढ़ में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में पशुपालन विभाग द्वारा ग्रामीणों एवं पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।

शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण कर अनेक सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई गईं। मंगला पशु बीमा पॉलिसी-2026 के अंतर्गत लाभार्थी फूली पत्नी रमेश राम को बीमा पॉलिसी के दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। लाभार्थी ने योजना को पशुपालकों के लिए सुरक्षा कवच बताते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

ग्राम पंचायत चामू, पंचायत समिति चामू में राजीविका ब्लॉक चामू द्वारा महादेव स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया। शिविर के दौरान शिविर प्रभारी अश्विन पंवार, विकास अधिकारी चंपालाल आचार्य, तहसीलदार राजेंद्र परिहार तथा राजीविका ब्लॉक परियोजना प्रबंधक जसराज पालीवाल द्वारा समूह की महिलाओं को बुक्स ऑफ रिकॉर्ड प्रदान किए गए।

ग्राम पंचायत बस्तवा, पंचायत समिति बालेसर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में पशुपालन विभाग द्वारा ग्रामीणों एवं पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण करते हुए लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं प्रदान की गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story